छत्तीसगढ़

जशपुर की महिला किसानों ने गेंदा की खेती से लिखी तरक्की की नई इबारत, पहले ही चरण में हुई शानदार कमाई

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में जशपुर जिले के किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक कृषि से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में, दुलदुला क्षेत्र की महिला किसानों ने ‘हाई इम्पैक्ट मेगा वाटरशेड परियोजना’ और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से एक अनूठी पहल की शुरुआत की है।

जिला प्रशासन और हर्षा ट्रस्ट (सीएसओ) के संयुक्त प्रयासों से इन महिलाओं को पारंपरिक फसलों से हटकर व्यावसायिक खेती के लिए प्रेरित किया गया। परिणामस्वूप, दुलदुला क्षेत्र में पहली बार गेंदा फूलों की कमर्शियल फार्मिंग शुरू की गई, जिसके बेहद सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

दीपावली पर मिला बंपर मुनाफा

परियोजना से जुड़ी महिला किसानों ने गत 5 नवंबर को गेंदा फूलों की पहली फसल की कटाई (तुड़ाई) की। इसके बाद इन फूलों को बिक्री के लिए कोरबा भेजा गया, जहां इन्हें हाथों-हाथ लिया गया। पहली खेप की बिक्री से महिलाओं को लगभग 8,000 रुपये की शुरुआती आमदनी हुई। ग्रामीण अंचल में पहली बार इस तरह की व्यावसायिक पुष्प खेती से महिलाओं का उत्साह काफी बढ़ गया है।

सशक्तिकरण और आर्थिक मजबूती की ओर कदम

इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। वाटरशेड परियोजना के जरिए न सिर्फ जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर प्रबंधन किया जा रहा है, बल्कि महिलाओं के लिए स्वरोजगार के स्थायी द्वार भी खोले जा रहे हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस सफल शुरुआत से प्रेरित होकर क्षेत्र की अन्य महिलाएं भी फूलों की खेती से जुड़ेंगी। त्योहारी सीजन और बाजार की मांग के अनुसार खेती करने से इन महिला किसानों की आमदनी में भविष्य में और अधिक इजाफा होने की पूरी उम्मीद है, जो ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण का एक बेहतरीन उदाहरण बन रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button