छरायपुर में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए 130 खिलाड़ी चयनित, 8 अक्टूबर को होगा प्लेयर ड्राफ्ट

रायपुर। राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) के पहले संस्करण के लिए आयोजित दो दिवसीय चयन ट्रायल का सफलतापूर्वक समापन हो गया है। इस महामुकाबले में जगह पाने के लिए प्रदेशभर के युवाओं में भारी उत्साह नजर आया।
प्रशिक्षण और ट्रायल के इस दौर में कुल 373 खिलाड़ियों ने अपना पंजीकरण कराया था, जिसमें से 223 खिलाड़ियों ने मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। तकनीकी विशेषज्ञों और चयनकर्ताओं द्वारा खेल कौशल के गहन मूल्यांकन के बाद कुल 130 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है।
ट्रायल के दोनों दिन उपमुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की। उन्होंने खिलाड़ियों का खेल कौशल देखकर उन्हें लगातार अभ्यास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में हॉकी के प्रति दिख रहा यह उत्साह इस बात का प्रमाण है कि यहाँ प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और सरकार स्थानीय खिलाड़ियों को एक बेहतर प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
चयन प्रक्रिया के इस अहम चरण के बाद अब अगली बड़ी प्रक्रिया प्लेयर ड्राफ्ट की होगी। आगामी 8 अक्टूबर को रायपुर में ही होने वाले इस ड्राफ्ट के जरिए छह फ्रेंचाइजी टीमें शॉर्टलिस्ट किए गए 130 खिलाड़ियों में से अपनी-अपनी टीमों का चयन करेंगी, जिससे लीग की सभी टीमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इस आयोजन के दौरान खेल विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव और सचिव फिरोज अंसारी भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
















