
सुकमा। सुकमा जिले में, जहां महिलाएं अक्सर मुश्किलों का सामना करती हैं, वहां ‘महतारी वंदन योजना’ उनके लिए एक बड़ा सहारा बनकर उभरी है। इस योजना के तहत हर महीने मिलने वाले ₹1,000 की मदद से महिलाएं अपने और अपने परिवार के लिए बेहतर जीवन सुनिश्चित कर रही हैं।
छिंदगढ़ पंचायत के वेकोपारा गांव में रहने वालीं श्रीमती सोमलिन इस योजना से मिली आर्थिक मदद के बारे में बताती हैं कि इस राशि ने उनकी जिंदगी बदल दी है। वह इस पैसे का इस्तेमाल अपने बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य पर करती हैं। उन्होंने भावुक होकर कहा कि उनके जैसे गरीब परिवारों के लिए यह सहायता किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपना वादा निभाया है।
सोमलिन अपने बच्चों को भी बताती हैं कि यह सहायता सरकार की एक अच्छी पहल है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन की तारीफ की और उनका धन्यवाद किया।
इस योजना से महिलाओं में एक नया आत्मविश्वास जागा है और उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने का मौका मिला है। सुकमा के नेल्लानार क्षेत्र समेत कई गांवों में अभी भी सर्वे का काम चल रहा है ताकि ज़्यादा से ज़्यादा ज़रूरतमंद महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल सके।