कवर्धा के कृषक को मिला मुख्यमंत्री साय का दीपावली संदेश, सूर्य घर योजना से शून्य हुआ बिजली बिल

रायपुर। कवर्धा (रामनगर) के किसान ओंकार साहू के लिए इस बार की दीपावली बेहद खास रही। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें ‘विष्णु के पाती’ शीर्षक से एक विशेष आत्मीय पत्र भेजकर शुभकामनाएं दीं और सौर ऊर्जा अपनाने के उनके कदम की सराहना की। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में स्पष्ट किया कि खेती-किसानी के साथ स्वच्छ ऊर्जा को अपनाना न केवल पारिवारिक अर्थव्यवस्था को मजबूती देता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक सराहनीय प्रयास है। पत्र में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के प्रभाव का उल्लेख करते हुए परिवार की खुशहाली की कामना की।
₹1.08 लाख सब्सिडी से लगा सोलर पैनल, खत्म हुआ बिजली का खर्च
किसान ओंकार साहू ने अप्रैल 2025 में इस योजना के अंतर्गत अपने मकान पर 3 किलोवाट का सोलर सिस्टम स्थापित कराया था। 1,90,000 रुपये के कुल खर्च में से उन्हें सरकार की तरफ से 1,08,000 रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई। ओंकार साहू के अनुसार, जहां पहले हर महीने 1,000 से 1,500 रुपये तक बिजली का बिल आता था, वहीं अब सौर ऊर्जा के उपयोग से उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो चुका है।
उपभोक्ता से बने उत्पादक: ग्रिड को अतिरिक्त बिजली बेचकर कमाए ₹9,000
सौर ऊर्जा प्रणाली से घर की खपत से अधिक बिजली का उत्पादन हो रहा है। अतिरिक्त बची हुई बिजली को मुख्य विद्युत ग्रिड में भेजा जाता है। इस व्यवस्था के माध्यम से वे अब तक लगभग 9,000 रुपये की कमाई भी कर चुके हैं। इस प्रकार, वे अब केवल बिजली इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ता न रहकर एक ऊर्जा उत्पादक के रूप में उभर चुके हैं।
पर्यावरण सुरक्षा के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता
ओंकार साहू ने योजना को अपने परिवार के लिए बेहद फायदेमंद बताते हुए कहा कि इससे आर्थिक बचत तो हो ही रही है, साथ ही प्रकृति के संरक्षण में योगदान देने का भी संतोष है। मुख्यमंत्री की ओर से मिला सम्मान पत्र उनके और उनके परिवार के लिए गौरव का क्षण है।
















