छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों और अधिकारियों ने सीएम साय का किया धन्यवाद, कैशलेस इलाज के फैसले पर जताया आभार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों के लिए कैशलेस मेडिकल सुविधा को कैबिनेट की मंजूरी मिलने पर राज्य के कर्मचारियों में खुशी की लहर है। इस ऐतिहासिक फैसले के बाद, छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास स्थान पर मुलाकात की और इस जनहितकारी निर्णय के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे इस प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कैशलेस इलाज की यह सुविधा कर्मचारियों की बरसों पुरानी मांग थी। इस योजना के लागू होने से आपातकालीन या गंभीर बीमारियों के इलाज के समय कर्मचारियों को अब भारी-भरकम राशि का इंतजाम करने और बाद में मेडिकल रीइंबर्समेंट के लंबे चक्कर काटने से मुक्ति मिल जाएगी। इससे लाखों सरकारी सेवकों और उनके परिवारों को सुगम और बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिलेगा।
मुलाकात के दौरान फेडरेशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को उनकी संस्था की ओर से रखे जाने वाले आगामी अभिनंदन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का न्यौता भी दिया।
इस शिष्टाचार मुलाकात और आभार कार्यक्रम के दौरान पंकज पाण्डेय, सत्येंद्र देवांगन, अश्वनी चेलक, जय कुमार साहू, पीताम्बर पटेल, आलोक मिश्रा और संतोष कुमार वर्मा समेत फेडरेशन के कई अन्य प्रमुख सदस्य मौजूद रहे।
















