खेल

वुमेंस वर्ल्ड कप जीत देख भावुक हुए रोहित शर्मा, नवंबर 2023 में अधूरा रह गया था उनका सपना

नई दिल्ली (एजेंसी)। 19 नवंबर 2023… यह वह दिन है जब रोहित शर्मा का वनडे वर्ल्ड कप जीतने का ख्वाब ऑस्ट्रेलिया ने तोड़ दिया था। इस हार को दो साल हो चुके हैं, लेकिन यह तारीख भारतीय क्रिकेट फैंस के दिलों में आज भी टीस बनकर बैठी है। हालाँकि, अब भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2 नवंबर को आईसीसी वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीतकर इस दर्द पर मरहम लगा दिया है।

रोहित शर्मा भी यह ऐतिहासिक मुकाबला देखने नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम पहुंचे थे। भारतीय टीम के वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीतने के बाद वह काफी भावुक हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे प्रशंसक बहुत पसंद कर रहे हैं।

रोहित शर्मा की कप्तानी छीनी गई

अब रोहित शर्मा की निगाहें दक्षिण अफ्रीका में होने वाले 2027 वर्ल्ड कप में अपने इस अधूरे सपने को पूरा करने पर टिकी होंगी। हालांकि, वह अब बतौर कप्तान शायद यह सपना पूरा नहीं कर पाएंगे। हाल ही में उनसे वनडे टीम की कप्तानी ले ली गई है।

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर शुभमन गिल ने पहली बार वनडे टीम की कप्तानी संभाली थी। उस सीरीज में टीम इंडिया को 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रोहित शर्मा का बल्ला पहले वनडे में शांत रहा, लेकिन दूसरे वनडे में उन्होंने अर्धशतक और तीसरे वनडे में मैच जिताऊ शतक लगाया। इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए रोहित शर्मा को तीसरे वनडे में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और सीरीज में 200 से अधिक रन बनाने के लिए ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का पुरस्कार भी मिला था।

वुमेंस टीम ने रचा इतिहास

वुमेंस वर्ल्ड कप फाइनल की बात करें तो, भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा के अर्धशतकों की बदौलत बोर्ड पर 298 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की टीम 246 रनों पर ऑल आउट हो गई। भारत ने यह मैच 52 रनों के अंतर से जीतकर पहली बार वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया।

दीप्ति शर्मा और शेफाली वर्मा ने बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया। दीप्ति ने 5 विकेट लिए, जबकि शेफाली ने 2 विकेट चटकाए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button