छत्तीसगढ़ केंद्रीय मखाना बोर्ड में होगा शामिल : शिवराज सिंह चौहान

रायपुर। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने धमतरी में आयोजित किसान सम्मान निधि हस्तांतरण कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण घोषणा की है।
वहां उन्होंने मखाना उत्पादक किसानों से बातचीत की और उनके उत्पादन के बारे में जानकारी ली। किसानों ने कृषि मंत्री का स्वागत मखाने से बनी माला पहनाकर किया था।
किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
श्री चौहान ने घोषणा करते हुए कहा कि केंद्रीय मखाना बोर्ड में छत्तीसगढ़ को भी शामिल किया जाएगा।
इस कदम से छत्तीसगढ़ के मखाना उत्पादक किसानों को सीधा फायदा मिलेगा। वे अब केंद्रीय बोर्ड के माध्यम से अपने उत्पाद को सीधे बेच सकेंगे।
कृषि मंत्री ने बताया कि अब तक केवल बिहार को ही मुख्य मखाना उत्पादक राज्य माना जाता था, लेकिन अब छत्तीसगढ़ में भी मखाना का उत्पादन बढ़ रहा है। इसी कारण छत्तीसगढ़ को मखाना बोर्ड में शामिल करने का निर्णय लिया गया है। इस घोषणा के बाद राज्य के किसानों में उत्साह है।
















