छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री जनदर्शन : दिव्यांगों के लिए उम्मीद की नई किरण, बांटे गए सहायक उपकरण

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने निवास कार्यालय में आयोजित ‘जनदर्शन’ कार्यक्रम के माध्यम से एक बार फिर संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए दिव्यांगजनों की समस्याओं को व्यक्तिगत रूप से सुना और मौके पर ही उन्हें बैटरी चालित ट्राइसिकल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र (कान की मशीन) जैसे सहायक उपकरण वितरित किए।

आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम

जनदर्शन में आरंग से पहुंचे भारत साहू को जब मुख्यमंत्री ने बैटरी वाली ट्राइसिकल सौंपी, तो उनके चेहरे पर मुस्कान तैर गई। भारत ने अपनी व्यथा साझा करते हुए बताया कि अब तक उन्हें कहीं भी आने-जाने के लिए दूसरों की मदद का इंतज़ार करना पड़ता था, जिससे उनका समय और स्वाभिमान दोनों प्रभावित होते थे। अब वे बिना किसी सहारे के अपनी मंजिल तय कर सकेंगे।

इसी प्रकार, खमतराई के जीवन दास मानिकपुरी, जो बचपन से पोलियो से जूझ रहे हैं, उन्हें भी बैटरी ट्राइसिकल दी गई। उन्होंने त्वरित समाधान के लिए शासन का आभार जताते हुए कहा कि इस मदद से उनकी दैनिक दिनचर्या काफी सुगम हो जाएगी।

चेहरों पर लौटी मुस्कान

मुख्यमंत्री ने रायपुर के मोवा निवासी चंदू यादव को ट्राइसिकल और सुमन साहू को व्हीलचेयर प्रदान की। इन उपकरणों की मदद से इन दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जुड़ने और अपनी गतिशीलता बढ़ाने में बड़ी राहत मिली है।

अब सुनाई देगी अपनों की आवाज

शारीरिक अक्षमता के साथ-साथ सुनने की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए भी जनदर्शन वरदान साबित हुआ। रायपुर के सागर नायक और उमेश पटेल को मुख्यमंत्री ने श्रवण यंत्र प्रदान किए।

सागर नायक ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण वे मशीन नहीं खरीद पा रहे थे, जिससे उनका संपर्क बाहरी दुनिया से कट गया था।

उमेश पटेल ने मुख्यमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस संवेदनशीलता ने उन्हें दोबारा सुनने की शक्ति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार हर वर्ग के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और दिव्यांगजनों की बाधाओं को दूर करना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button