टॉप न्यूज़

“जहाज डूब रहा है, बचा लीजिए…” अमेरिकी मिसाइल हमले के बाद ओमान तट पर फंसे 24 भारतीय नाविकों का खौफनाक ऑडियो आया सामने

नई दिल्ली (एजेंसी)। “सर, हम मोटर टैंकर मारिवेक्स से बोल रहे हैं। हमारे जहाज में भीषण आग लग चुकी है और यह धीरे-धीरे समुद्र में समा रहा है। प्लीज हमारी जान बचाइए।” यह दर्दभरी गुहार ओमान के समुद्र में फंसे एक भारतीय क्रू मेंबर की है, जिसका संकट के समय रिकॉर्ड किया गया ‘SOS’ (आपातकालीन) संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अमेरिकी नौसेना के एक मिसाइल हमले के बाद इस तेल टैंकर पर मौजूद 24 भारतीय नागरिकों की जिंदगी दांव पर लग गई थी। हमले के कारण जहाज के इंजन वाले हिस्से में आग लग गई और उसमें पानी भरने लगा था।

वायरल ऑडियो में चालक दल का सदस्य घबराए हुए लहजे में कह रहा है, “हम पर अमेरिकी नौसेना ने हमला किया है। मिसाइल सीधे इंजन रूम में आकर लगी है, जिससे नीचे एक बड़ा सुराख हो गया है। जहाज सुलग रहा है, कृपया तुरंत रेस्क्यू टीम भेजिए। हम सभी 24 लोग भारतीय हैं।”

क्यों हुआ हमला?

यह सनसनीखेज वाकया सोमवार को ओमान के मसिराह तट के पास पेश आया। ‘पलाऊ’ देश के झंडे के साथ चल रहे तेल टैंकर ‘एमटी मारिवेक्स’ पर अमेरिकी सेना ने हवाई हमला किया। अमेरिका का दावा है कि यह जहाज अमेरिकी प्रतिबंधों और नाकेबंदी को ठेंगा दिखाते हुए ईरान के पोर्ट की तरफ जा रहा था। यूएस सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, विमानवाहक पोत ‘यूएसएस अब्राहम लिंकन’ से उड़ान भरने वाले एफ/ए-18 सुपर हॉर्नेट फाइटर जेट ने टैंकर को रोकने के लिए उसके इंजन और स्टीयरिंग वाले हिस्से पर सटीक निशाना साधा। अमेरिका ने कहा कि कार्रवाई से पहले जहाज को रुकने की कई चेतावनियां दी गई थीं, जिन्हें उसने अनसुना कर दिया।

भारत और ओमान ने मिलकर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

भारतीय क्रू की संकट भरी कॉल मिलते ही मुंबई में स्थित भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard) का ‘मैरीटाइम रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर’ (MRCC) तुरंत एक्शन में आ गया। दोपहर करीब 2:20 बजे अलर्ट मिलते ही भारतीय टीम ने ओमान के रेस्क्यू सेंटर से संपर्क साधा और संयुक्त ऑपरेशन की कमान संभाली।

इसके बाद ओमान की रॉयल एयर फोर्स का एक हेलीकॉप्टर मसिराह द्वीप एयरबेस से तुरंत मौके के लिए रवाना हुआ। महज 20 मिनट के भीतर रेस्क्यू टीम जलते हुए टैंकर तक पहुंच गई और सूझबूझ से जहाज पर मौजूद सभी 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित एयरलिफ्ट कर लिया।

विदेश मंत्रालय का बयान

भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस सफल रेस्क्यू की पुष्टि की है। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि सभी 24 भारतीय नागरिक पूरी तरह सुरक्षित और सकुशल हैं। भारत सरकार ने इस त्वरित मदद के लिए ओमान प्रशासन का आभार जताया है। मस्कट में स्थित भारतीय दूतावास सभी नागरिकों की देखरेख और उनके घर वापसी की कागजी कार्रवाई में जुटा हुआ है। तटरक्षक बल ने भी दोहराया है कि हिंद महासागर क्षेत्र में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button