बाबा महाकाल की शयन आरती में शामिल हुए सीएम डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, लिया आशीर्वाद

भोपाल (एजेंसी)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय शहरी आवास एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार रात उज्जैन स्थित विश्वप्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में विशेष उपस्थिति दर्ज कराई। दोनों नेताओं ने भगवान महाकाल की दिव्य शयन आरती में भाग लिया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश व प्रदेश की खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा।
महाकाल मंदिर के नंदी हॉल में बैठकर मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगे नजर आए और कुछ समय तक बाबा महाकाल के ध्यान में लीन रहे। इस आध्यात्मिक अवसर पर उनके साथ राज्य के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे।
मंदिर समिति द्वारा किया गया सम्मान
इस विशेष दर्शन के दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से गणमान्य अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल को स्मृति चिन्ह के रूप में महाकाल मंदिर की एक सुंदर अनुकृति (मॉडल) भेंट की। वहीं, उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत करते हुए उन्हें मंदिर समिति की ओर से स्मृति चिन्ह प्रदान किया।
















