दुर्ग विकास कार्य : डिप्टी सीएम अरुण साव ने निर्माण कार्यों का लिया जायजा, समय पर काम पूरा करने के दिए निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने दुर्ग शहर का दौरा कर वहां चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की ज़मीनी हकीकत जानी। उन्होंने इंदिरा मार्केट के पास बन रही मल्टी-लेवल पार्किंग, उरला स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और निर्माणाधीन नालंदा परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और काम देख रही एजेंसियों से अब तक हुई प्रगति की रिपोर्ट ली।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि आम जनता की सहूलियत से जुड़ी योजनाओं में किसी भी तरह की लेत-लतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समय के भीतर और बेहतरीन गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि नागरिकों को इनका लाभ मिलने में और देरी न हो।
ये अधिकारी भी रहे मौजूद
इस दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री के साथ दुर्ग के कलेक्टर अभिजीत सिंह, महापौर अलका बाघमार और नगर निगम कमिश्नर सुमीत अग्रवाल सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे, जिन्हें स्थानीय स्तर पर मॉनिटरिंग तेज करने को कहा गया है।
















