टेक न्यूज़

TRAI की सख्ती! Jio-Airtel-Vi को देना होगा बिना डेटा वाला रिचार्ज, 28 नहीं देनी होगी 30 दिन की वैलिडिटी

न्युज डेस्क (एजेंसी)। मोबाइल रिचार्ज में इन दिनों सबसे बड़ी दिक्कत ये होती है कि बिना डेटा वाला प्लान नहीं मिल पाता है. इतना ही नहीं, महीने भर की वैलिडिटी के नाम पर 28 दिन ही मिलते हैं. TRAI ने कहा है कि अब इन कंपनियों को बिना डेटा वाले प्लान लाने होंगे. यानी आने वाले समय में सस्ते प्लान्स देखने को मिल सकते हैं और वैलिडिटी भी पूरी मिल सकती है.

अगर आप मोबाइल में इंटरनेट इस्तेमाल नहीं करते या बहुत कम डेटा चलाते हैं, तो आपके लिए बड़ी खबर है. TRAI ने नया नियम लागू किया है जिसके बाद Jio, Airtel, Vi और दूसरे टेलीकॉम ऑपरेटरों को सिर्फ कॉल और SMS वाले ज्यादा विकल्प देने होंगे. इन प्लान की कीमत डेटा वाले प्लान से कम रखनी होगी. यानी आगे चलकर उन लोगों को डेटा के लिए पैसे देने की जरूरत नहीं होगी, जिन्हें इसकी जरूरत ही नहीं है.

मोबाइल रिचार्ज पिछले कुछ साल में काफी बदल गया है. आज ज्यादातर कंपनियों के लोकप्रिय प्लान में कॉलिंग, SMS और डेटा तीनों एक साथ मिलते हैं. अगर किसी यूजर को सिर्फ कॉल करनी है, तब भी उसे अक्सर ऐसा पैक चुनना पड़ता है जिसमें डेटा शामिल होता है. अब TRAI यानी टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने इसी समस्या को दूर करने के लिए नया नियम जारी किया है.

TRAI ने टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन रेगुलेशन 2026 को 21 सितंबर 2026 को जारी किया है. हालांकि यह नियम तुरंत लागू नहीं होगा. ऑफिशियल नियम के मुताबिक यह ऑफिशियल गजट में पब्लिश होने के 30 दिन बाद लागू होगा

अब सिर्फ कॉल-SMS वाला सस्ता रिचार्ज मिलेगा

नए नियम का सबसे बड़ा असर यही होगा कि अगर कोई टेलीकॉम कंपनी किसी खास अवधि का ऐसा प्लान बेचती है जिसमें Voice, SMS और Data तीनों हैं, तो उसे उसी तरह की अवधि के लिए वॉयस और SMS-only प्लान भी देना होगा.

यानी अगर किसी कंपनी के पास 28 दिन का कॉलिंग + SMS + डेटा वाला प्लान है, तो उसे उसी तरह की अवधि में बिना डेटा वाला ऑप्शन भी देना होगा. अगर कंपनी 30 दिन या उससे कम की दूसरी वैलिडिटी वाले डेटा-बंडल प्लान बेचती है, तो उन अवधि के लिए भी Voice-SMS-only विकल्प देने होंगे.

यहां सबसे महत्वपूर्ण बात कीमत है. TRAI ने साफ कहा है कि इन वॉयस और SMS-only STV यानी स्पेशल टैरिफ वाउचर में डेटा हटाने के हिसाब से उचित कीमत कम करनी होगी. इसका मतलब यह नहीं है कि TRAI ने कोई एक फिक्स कीमत तय कर दी है. उदाहरण के लिए यह नहीं कहा गया है कि 28 दिन का कॉलिंग प्लान अब ₹100 का ही होना चाहिए. कंपनियां अपनी कीमत तय कर सकती हैं, लेकिन डेटा हटाने के बाद कीमत में उचित कमी करनी होगी.

अभी समस्या क्या थी?

TRAI ने अपने नए नियम के पीछे की वजह भी बताई है. दिसंबर 2024 में TRAI ने कंपनियों के लिए कम से कम एक Voice और SMS-only STV देना जरूरी किया था. इसके बाद Jio, Airtel, Vi जैसी कंपनियों ने ऐसे प्लान लॉन्च किए, लेकिन TRAI के मुताबिक इनकी संख्या बहुत कम रही. ज्यादातर Voice-SMS-only प्लान लंबी वैलिडिटी जैसे करीब 80/84 दिन या 336/365 दिन के थे. छोटे रिचार्ज विकल्प उपलब्ध नहीं थे. दूसरी तरफ डेटा वाले प्लान में ग्राहकों को कई तरह की वैलिडिटी मिल रही थी.

यही वजह है कि ऐसे ग्राहक जो सिर्फ फोन कॉल या SMS चाहते हैं, उनके पास दो ही रास्ते रह जाते थे. या तो लंबी अवधि का महंगा Voice-SMS-only प्लान लें या फिरऐसा प्लान लें जिसमें डेटा भी शामिल हो, भले ही उन्हें डेटा की जरूरत न हो.

TRAI ने अपने दस्तावेज में माना है कि इससे खासकर कम आय वाले लोगों, ग्रामीण इलाकों के ग्राहकों, बुजुर्गों और फीचर फोन इस्तेमाल करने वालों के लिए विकल्प लिमिटेड हो गए थे.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button