‘मन की बात’ बना राष्ट्र निर्माण और जनभागीदारी का सशक्त मंच : वित्त मंत्री ओपी चौधरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अपने रायपुर स्थित आवास सह कार्यालय में रायगढ़ से आए अधिवक्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवाद कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 136वीं कड़ी सुनी।
इस दौरान वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह रेडियो कार्यक्रम आम नागरिकों को प्रेरित करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देता है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री द्वारा कोरबा जिले में ‘अमृत सरोवर योजना’ के अंतर्गत जल संरक्षण के जन-अभियान की सराहना करना पूरे राज्य के लिए एक गर्व की बात है।
श्री चौधरी के अनुसार, जल संवर्धन, पर्यावरण रक्षा और सामुदायिक एकजुटता पर प्रधानमंत्री का ध्यान देश को सतत विकास की ओर ले जा रहा है। ‘मन की बात’ के जरिए आज देश के करोड़ों लोग एक साझा लक्ष्य से जुड़कर राष्ट्र निर्माण और नवाचार में अपना योगदान दे रहे हैं।
इस अवसर पर मौजूद वकीलों ने भी प्रधानमंत्री के उद्बोधन से प्रेरणा लेते हुए सामाजिक दायित्वों को निभाने और जनहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।
















