दादाजी धूनीवाले धाम में सीएम डॉ. यादव ने की पूजा-अर्चना, कहा—’दिखावे से दूर, यहाँ मिलती है असीम आध्यात्मिक शांति’

भोपाल (एजेंसी)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को खण्डवा स्थित प्रसिद्ध दादाजी धूनीवाले धाम पहुँचकर बड़े दादाजी और छोटे दादाजी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दादाजी धूनीवाले का जीवन समाज कल्याण और जनसेवा को समर्पित था। उन्होंने हमेशा सर्वधर्म समभाव, गरीबों व भूखों को भोजन कराने और भक्तों के दुखों को दूर करने को सर्वोपरि माना। सीएम ने कहा कि यह पवित्र स्थल किसी भी तरह के बाहरी आडंबर और दिखावे से परे है, जहाँ पहुँचते ही मन को गहरा आध्यात्मिक सुकून और आंतरिक ऊर्जा महसूस होती है। यह धाम केवल खण्डवा ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य की आस्था और गौरव का प्रमुख केंद्र है।
धाम में चल रहे निर्माण कार्यों के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पिछले कुछ समय से निर्माण को लेकर जो मतभेद या संशय बने हुए थे, राज्य सरकार उनका समाधान निकाल रही है। सरकार धाम की पवित्रता, मर्यादा और नियमों का पूरी तरह पालन करते हुए दादाजी के आशीर्वाद से इस परिसर को अत्यंत भव्य और अलौकिक रूप देने के लिए प्रतिबद्ध है।
















