छत्तीसगढ़ से केंद्रीय पूल के चावल उठाव में आएगी तेजी, CM साय ने दिल्ली में की केंद्रीय मंत्री से चर्चा

रायपुर। राज्य में धान खरीदी व्यवस्था को बेहतर बनाने और गोदामों में स्थान सृजित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी से बैठक की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ से 5 लाख मीट्रिक टन चावल का जल्द उठाव कराने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से मांग की कि चावल के सुचारु परिवहन के लिए छत्तीसगढ़ को प्रति माह कम से कम 250 रेलवे रैक आवंटित किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि रैक मिलने से चावल का उठाव समय पर हो सकेगा, जिससे गोदाम खाली होंगे और आगामी खरीफ सीजन में किसानों से धान खरीदी का काम बिना किसी बाधा के पूरा किया जा सकेगा।
उल्लेखनीय है कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ ने केंद्रीय पूल में 73 लाख मीट्रिक टन चावल देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने इस दिशा में पूरा सहयोग देने का भरोसा जताया है। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह भी मौजूद रहे।
















