वेतन विसंगति और पदोन्नति को लेकर प्रदेशभर के पटवारियों का एकदिवसीय प्रदर्शन

रायपुर। राज्यभर के पटवारियों ने अपनी दो प्रमुख मांगों को लेकर एक दिन की सांकेतिक हड़ताल की। इसी कड़ी में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पटवारी भी जिला मुख्यालय स्थित दशहरा मैदान में एकत्रित हुए और अपनी लंबित मांगों को लेकर शासन के खिलाफ आवाज उठाई।
पटवारी संघ की मुख्य मांगें:
पदोन्नति में प्राथमिकता: राजस्व निरीक्षक एवं नायब तहसीलदार के पदों पर 50-50 प्रतिशत के अनुपात में वरिष्ठता और विभागीय परीक्षा के माध्यम से पदोन्नति दी जाए।
वेतन विसंगति का निवारण: लंबे समय से चली आ रही वेतन असमानताओं को दूर कर न्यायसंगत वेतनमान लागू किया जाए।
संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, प्रदेश में राजस्व निरीक्षकों के कई पद खाली हैं और वर्ष 2013 के बाद से पटवारियों को पदोन्नति का लाभ नहीं मिला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस एकदिवसीय हड़ताल के जरिए सरकार का ध्यान आकृष्ट करने का प्रयास किया गया है। यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो प्रांतीय निकाय से चर्चा कर आगामी उग्र आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
















