उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पारंपरिक विधि-विधान से मनाया हरेली पर्व, प्रदेश में सुख-समृद्धि की मांगी दुआ

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लोक पर्व हरेली के अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की। उन्होंने गौमाता की सेवा के साथ खेती-किसानी से जुड़े औजारों जैसे नागर, गैंती और कुदाल का पूजन कर राज्य में उत्तम वर्षा, लहलहाती फसलों और जन-जीवन में खुशहाली की ईश्वर से प्रार्थना की। लोक मान्यता के अनुसार, उन्होंने घर के मुख्य द्वार पर आरोग्य व नीम की डाली भी स्थापित की।
इस मौके पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेली का त्योहार हमारी माटी, कृषि और समृद्ध लोक संस्कृति का प्रतीक है। गेड़ी दौड़ और पारंपरिक अनुष्ठानों से सजा यह पर्व प्रकृति और अन्नदाताओं के प्रति हमारे आभार को दर्शाता है। साव ने इस बात पर जोर दिया कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं को सहेजना तथा उनका संवर्धन करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
















