ग्वालियर-चंबल में रेल कनेक्टिविटी का नया दौर : कैलारस-सबलगढ़-वीरपुर रेलखंड का शुभारंभ, मेमू ट्रेन सेवा का हुआ विस्तार

भोपाल (एजेंसी)। मध्यप्रदेश को बुनियादी ढांचे और रेल सुविधाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण प्रगति हासिल हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वर्चुअल माध्यम से कैलारस-सबलगढ़-वीरपुर रेल मार्ग का उद्घाटन किया। इसके साथ ही ग्वालियर-कैलारस मेमू (MEMU) ट्रेन सेवा का विस्तार अब वीरपुर स्टेशन तक कर दिया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश में ढांचागत विकास को गति देने के लिए लगभग 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। करीब 18 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली इंदौर-मनमाड रेल लाइन परियोजना मालवा और चंबल क्षेत्र के औद्योगिक गलियारे, डिफेंस कॉरिडोर तथा टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।
कार्यक्रम के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि 56 किलोमीटर लंबे इस नए रेलखंड से ग्वालियर-चंबल अंचल के ग्रामीण इलाकों को सीधा फायदा मिलेगा। उन्होंने जानकारी दी कि आने वाले समय में इस रेल लाइन का विस्तार श्योपुरकलां होते हुए कोटा तक किया जाएगा, जिससे राजस्थान के शैक्षणिक और औद्योगिक केंद्रों से कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने मध्यप्रदेश के लिए रेल बजट को बढ़ाकर 15,188 करोड़ रुपये कर दिया है और वर्तमान में राज्य में 80 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास के साथ-साथ वंदे भारत तथा अमृत भारत ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने इस परियोजना को क्षेत्रीय व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए मील का पत्थर बताया। इस ब्रॉडगेज नेटवर्क के विस्तार से आने वाले समय में करीब 15 से 20 लाख यात्रियों को सुगम और किफायती आवागमन का लाभ मिलेगा।
















