अमेरिका-मेक्सिको व्यापार समझौते में प्रगति, राष्ट्रपति शिनबाम ने ट्रंप से बातचीत को बताया सकारात्मक

मेक्सिको सिटी (एजेंसी)। मेक्सिको और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार संबंधों को मजबूत करने के लिए जारी वार्ता सही दिशा में आगे बढ़ रही है। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने जानकारी दी कि हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ टेलीफोन पर उनकी रचनात्मक और सकारात्मक बातचीत हुई। इस वार्ता का मुख्य उद्देश्य यूनाइटेड स्टेट्स-मेक्सिको-कनाडा समझौते (USMCA) के तहत दोनों देशों के बीच आर्थिक और वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित करना है।
राष्ट्रपति शिनबाम के अनुसार, दोनों पक्ष व्यापारिक मुद्दों को सुलझाने की दिशा में तेजी से बढ़ रहे हैं और अंतिम सहमति बनने की अच्छी संभावनाएं हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर नहीं हो जाते, तब तक इसके नियमों और शर्तों का खुलासा नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि वाशिंगटन में 28 और 29 सितंबर को USMCA की समीक्षा बैठकों का आयोजन होना है।
राष्ट्रीय संप्रभुता और सिद्धांतों से समझौता नहीं
अपने हालिया ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ संबोधन में राष्ट्रपति शिनबाम ने स्पष्ट किया कि मेक्सिको दुनिया के सभी राष्ट्रों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध और संवाद चाहता है, लेकिन यह सहयोग अपनी संप्रभुता और सिद्धांतों की कीमत पर नहीं होगा। उन्होंने दोहराया कि उनका प्रशासन देश के स्वाभिमान और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
प्रवासियों के मुद्दों पर जताई चिंता
दोनों देशों के बीच व्यापारिक वार्ता में भले ही प्रगति हो रही हो, लेकिन प्रवासियों की स्थिति को लेकर तनाव बना हुआ है। अमेरिकी आव्रजन केंद्रों में 17 मेक्सिकन नागरिकों की जान जाने और धरपकड़ अभियानों पर मेक्सिको सरकार ने कड़ा ऐतराज जताया है।
बड़े पैमाने पर अमेरिका से वापस भेजे जा रहे अपने नागरिकों की सहायता के लिए मेक्सिको ने ‘मेक्सिको ते अब्राजा’ (मेक्सिको आपको गले लगाता है) नामक विशेष पहल शुरू की है। इस योजना के माध्यम से अब तक 2.81 लाख से अधिक स्वदेश लौटे नागरिकों को भोजन, चिकित्सीय सहायता, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श और पहचान पत्र जैसी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जा चुकी हैं।
















