छत्तीसगढ़

रायपुर में ‘अंत्योदय सेवा वंदन पर्व’ : मुख्यमंत्री साय ने 3 नई योजनाओं का किया शुभारंभ, कर्मवीर हुए सम्मानित

रायपुर। राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘अंत्योदय सेवा वंदन पर्व’, ‘वीरगाथा सम्मान समारोह’ और सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘अनकही कहानियां’ का भव्य आयोजन हुआ। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और सार्वजनिक जीवन पर आधारित नाटक ‘नमो सेवा गाथा’ का मंचन किया गया, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समाज सेवा, सेना, पुलिस, अर्धसैनिक बल और नागरिक सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले नागरिकों और जवानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मवीरों का सम्मान नई पीढ़ी को देश और समाज के प्रति समर्पित होने की प्रेरणा देता है।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाएं पहुंचाना ही अंत्योदय: सीएम

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में देश में सेवा और सुशासन का काम हो रहा है, और छत्तीसगढ़ भी इसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्वच्छता, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक मदद जैसे कार्यों से आम जनता जुड़ रही है, जिससे यह अभियान एक बड़ा जनआंदोलन बन चुका है।

रायपुर जिला प्रशासन के 3 नवाचारों का आगाज

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रायपुर जिला प्रशासन की तीन विशेष पहलों की शुरुआत की:

प्रोजेक्ट राहत: इसके जरिए प्राकृतिक आपदाओं के पीड़ितों को RBC 6(4) के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता त्वरित गति से प्रदान की जाएगी।

प्रोजेक्ट ध्वस्त: जिले के जर्जर और खतरनाक भवनों की पहचान कर उन्हें हटाया जाएगा, जिससे संभावित हादसों से नागरिकों की सुरक्षा की जा सके।

Advance AI – ‘ताकत है MY’: प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक कुशल, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक और नवाचार का असली मकसद आम लोगों के काम को आसान और तेज बनाना है।

लोककला और देशभक्ति के रंगों से सजा मंच

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। स्थानीय कलाकारों ने जसगीत, भजन, राउत नाचा, बांसुरी वादन और लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की महिलाओं, दिव्यांग स्कूल के बच्चों, श्रम विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के दलों ने भी अपने हुनर से सभी का दिल जीत लिया।

अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी शमा अंजुम की उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वहीं ‘हमार संगी-साथी’ नुक्कड़ नाटक के जरिए सामाजिक संदेश दिया गया, और ड्रोन दीदी अंजना दास ने अपने बेटे के साथ भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं।

विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री टंकराम वर्मा, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक अनुज शर्मा, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कलाकार और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button