अंबिकापुर में विकास और स्वच्छता की जमीनी हकीकत परखने सड़कों पर उतरे उप मुख्यमंत्री अरुण साव

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने बृहस्पतिवार को अंबिकापुर शहर का औचक दौरा कर विकास कार्यों और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासनिक लाव-लश्कर के बजाय उन्होंने खुद स्कूटी चलाकर शहर की गलियों और मोहल्लों की स्थिति देखी।
निरीक्षण के दौरान साव डीसी रोड स्थित एसएलआरएम (सॉलिड एंड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट) सेंटर पहुंचे, जहां उन्होंने कचरा प्रबंधन, उसके छंटाई और निस्तारण की पूरी प्रक्रिया को समझा। शहर में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन में जुटी 480 स्वच्छता दीदियों के समर्पण की तारीफ करते हुए उन्होंने अंबिकापुर के वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल की सराहना की।
शहर के भ्रमण के दौरान केरसु तालाब पर गंदगी देखकर उपमुख्यमंत्री ने नगर निगम अफसरों को सख्त लहजे में तत्काल सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि सार्वजनिक स्थलों और रिहायशी इलाकों में नियमित सफाई होनी चाहिए और अधिकारी इसकी लगातार मॉनिटरिंग करें। इसके अलावा, उन्होंने खराब सड़कों की मरम्मत और नए निर्माण कार्य तुरंत शुरू करने के आदेश दिए।
सुभाष नगर में ‘प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)’ के तहत बने 493 बहुमंजिला फ्लैट्स का निरीक्षण करते हुए उन्होंने वहां रह रहे परिवारों से बातचीत की। लोगों ने पक्का मकान मिलने पर खुशी जताई, वहीं साव ने अधिकारियों को ताकीद की कि आबंटित मकानों में हितग्राहियों का रहना सुनिश्चित किया जाए और परिसर में बाकी बचे बुनियादी काम जल्द निपटाए जाएं।
इस औचक निरीक्षण में महापौर मंजूषा भगत, निगम अध्यक्ष हरमिंदर सिंह टिन्नी, कलेक्टर अजीत वसंत, एसएसपी राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव और निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
















