अकादमी की किरण पिस्दा का भारतीय महिला फुटबॉल टीम में चयन, रूस के खिलाफ कोलकाता में दिखाएंगी दम

रायपुर। छत्तीसगढ़ की प्रतिभावान खिलाड़ी किरण पिस्दा ने भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम में जगह बनाकर राज्य का नाम रोशन किया है। रायपुर स्थित आवासीय बालिका फुटबॉल अकादमी से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली किरण अब रूस के खिलाफ होने वाले दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैचों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। पहला मैच 8 अक्टूबर को कोलकाता के किशोर भारती क्रीड़ांगन में खेला जाना तय है, जबकि दूसरा मुकाबला 11 अक्टूबर को इसी मैदान पर आयोजित होगा।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल पर दी शुभकामनाएं
किरण की इस विशेष उपलब्धि पर राज्य के उप मुख्यमंत्री और खेल मंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल के माध्यम से उनसे बात की और उन्हें बधाई दी। साव ने कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है और किरण की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, लगन तथा परिजनों और कोच के मार्गदर्शन का प्रतिफल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि किरण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करेंगी।
2022 के बाद भारतीय टीम में शानदार वापसी
किरण पिस्दा इससे पहले वर्ष 2022 में नेपाल में आयोजित सैफ (SAFF) महिला चैंपियनशिप में भी भारतीय सीनियर टीम की ओर से खेल चुकी हैं। फीफा इंटरनेशनल मैच विंडो के तहत रूस के खिलाफ होने वाले इन मुकाबलों के जरिए वे एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की ओर से मैदान में उतरेंगी।
अकादमी और कोच का रहा महत्वपूर्ण योगदान
किरण के खेल को निखारने में रायपुर आवासीय बालिका फुटबॉल अकादमी और उनकी कोच सरिता कुजूर की मुख्य भूमिका रही है। सरिता कुजूर के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों के तकनीकी कौशल के साथ-साथ उनके मानसिक संतुलन और निर्णय लेने की क्षमता पर भी काम किया जाता है। इसके अलावा, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने भी किरण को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह सफलता प्रदेश की अन्य युवा महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करेगी।
















