खेल

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग : मैनपाट टाइटन्स की शानदार जीत, न्यायधानी नाइट्स सेमीफाइनल के करीब

रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रोमांचक मुकाबले जारी हैं। हाल ही में खेले गए मुकाबलों में मैनपाट टाइटन्स और न्यायधानी नाइट्स ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया, जबकि कुछ टीमों के लिए आगे की राह मुश्किल हो गई है।

मैनपाट टाइटन्स ने राजधानी रॉयल्स को दी मात

लीग के सातवें मुकाबले में मैनपाट टाइटन्स ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए राजधानी रॉयल्स को 5-2 के बड़े अंतर से हरा दिया। इस रोमांचक भिड़ंत को देखने के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा और पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी नीता डूमरे विशेष रूप से स्टेडियम पहुंचे थे।

मैच की शुरुआत धीमी रही, लेकिन पहले क्वार्टर के अंत में मनीष वट्टी ने गोल कर मैनपाट को बढ़त दिलाई। इसके बाद राजधानी रॉयल्स ने अनिकेत के गोल से बराबरी की, हालांकि रोशन का एक गोल रेफरी द्वारा अमान्य कर दिया गया। हाफ-टाइम तक संदीप ठाकुर के गोल से मैनपाट 2-1 से आगे हो गई। इसके बाद ललित के शानदार पास पर रोशन द्वारा किया गया गोल इस टूर्नामेंट का सबसे बेहतरीन गोल माना जा रहा है। मोहित नायक और प्रिंस ने भी गोल दागकर मैनपाट की पकड़ मजबूत कर दी। रॉयल्स की टीम पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाने में नाकाम रही, जिसके चलते उनकी सेमीफाइनल की उम्मीदों को करारा झटका लगा है। शानदार प्रदर्शन के लिए मोहित नायक को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

न्यायधानी नाइट्स ने पक्की की सेमीफाइनल की जगह

एक अन्य मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स ने बैलाडीला बुल्स को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह सुरक्षित कर ली है। नाइट्स ने अपने तीनों मैच जीतकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। इस मैच के मुख्य आकर्षण ड्रैग-फ्लिकर चिराग रहे, जिन्होंने शानदार हैट्रिक लगाकर अपनी टीम को यह बड़ी जीत दिलाई। बैलाडीला की ओर से एकमात्र गोल जसकरण सिंह ने किया। बेहतरीन खेल के लिए चिराग को भी ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के खिताब से नवाजा गया।

आगामी मुकाबले (26 अक्टूबर):

संस्कारधानी स्ट्राइकर्स बनाम बैलाडीला बुल्स

चक्रधर चैंपियंस बनाम मैनपाट टाइटन्स

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button