छत्तीसगढ़ के जवानों की राष्ट्रीय एकता दिवस पर शानदार उपलब्धि, गृह मंत्री विजय शर्मा ने की मुलाकात, साझा किए अनुभव

रायपुर। गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस की भव्य परेड में छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री विजय शर्मा से मुलाकात की। इस अवसर पर गृह मंत्री ने छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले सभी अधिकारियों को बधाई दी, उनके साथ भोजन किया और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के सुरक्षा बलों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की जमकर सराहना की।
बस्तर की बेटियों और जवानों का अदम्य साहस
गृह मंत्री विजय शर्मा ने विशेष रूप से बस्तर फाइटर्स की महिला कमांडो और पुलिस बल के अनुशासन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर जब हमारे जवानों ने कदम से कदम मिलाकर मार्च किया, तो वह पल हर छत्तीसगढ़वासी के लिए अत्यंत गर्व और भावुकता से भरा था।
उन्होंने आगे कहा कि जिन इलाकों की पहचान कभी नक्सल हिंसा से जुड़ी थी, आज उन्हीं क्षेत्रों की बेटियां और युवा देश के सामने अपने साहस का लोहा मनवा रहे हैं। यह बदलते और शांति की राह पर अग्रसर बस्तर की एक बेहद प्रेरणादायक तस्वीर है।
एकता नगर के अविस्मरणीय अनुभव
मुलाकात के दौरान पुलिस अधिकारियों ने गृह मंत्री के साथ अपने कड़े अभ्यास और एकता नगर के यादगार पलों को साझा किया। अधिकारियों ने बताया कि देश के विभिन्न सुरक्षा बलों के बीच अपनी कला और अनुशासन का प्रदर्शन करना उनके लिए जीवन का सबसे बड़ा अनुभव रहा। उन्होंने इस बात पर गर्व जताया कि उन्हें राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ के संघर्ष, बलिदान और शांति की विजयगाथा को देश के सामने रखने का अवसर मिला।
परेड में शामिल प्रमुख अधिकारी और उनकी जिम्मेदारियां
गुजरात के इस राष्ट्रीय आयोजन में छत्तीसगढ़ के निम्नलिखित अधिकारियों ने अहम भूमिकाएं निभाईं:
डीएसपी बृज किशोर यादव (एसडीओपी, कुटरू, बीजापुर): संपूर्ण परेड के द्वितीय कमान अधिकारी (2IC)।
डीएसपी जितेंद्र कुम्भकार (एसडीओपी, कोंटा, सुकमा): परेड के आरक्षित 2IC।
डीएसपी कुलदीप बंजारे: डीआरजी पुरुष टुकड़ी के कमांडर।
शरद जायसवाल: डीआरजी पुरुष टुकड़ी के आरक्षित कमांडर।
डीएसपी अमृता पैकरा: डीआरजी एवं बस्तर फाइटर्स की महिला टुकड़ी की कमांडर।
कविता ध्रुवे: महिला टुकड़ी की आरक्षित कमांडर।
डीएसपी प्रवीण भारती: एसटीएफ टुकड़ी के आरक्षित अधिकारी।
गृह मंत्री विजय शर्मा ने सभी अधिकारियों और जवानों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका यह अनुशासन और पराक्रम प्रदेश के युवाओं और अन्य पुलिसकर्मियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्त्रोत रहेगा।
















