देश-विदेश

भारत और अमेरिका मिलकर विश्व को बेहतर भविष्य प्रदान करेंगे : प्रधानमंत्री मोदी

वाशिंगटन (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत और अमेरिका मिलकर विश्व को बेहतर भविष्य प्रदान करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भारत-अमरीकी साझेदारी लोकतंत्र के भविष्य के लिए शुभ है। उन्होंने कहा कि अमरीका सबसे पुराना और भारत सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसकी संस्कृति ही विचार और अभिव्यक्ति आगे बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र हमारी रगों में है और हम अमेरिका के साथ खास रिश्ता साझा करते हैं। मोदी ने कहा कि हमारी सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के सिद्धांत पर चलती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज आधुनिक भारत में महिलाएं हमें बेहतर भविष्य की ओर ले जा रही हैं। भारत का दृष्टिकोण सिर्फ महिलाओं को लाभ पहुंचाने वाला विकास नहीं है। यह महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास का है जहां महिलाएं प्रगति की यात्रा का नेतृत्व करती हैं। एक साधारण आदिवासी पृष्ठभूमि से निकलकर एक महिला हमारी राष्ट्रप्रमुख बनी हैं। लोकतंत्र, समावेश और स्थिरता की भावना हमें परिभाषित करती है। भारत अपने ग्रह के लिए जिम्मेदार होते हुए भी विकास कर रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पृथ्वी हमारी माता है और हम उसकी संतान हैं। भारतीय संस्कृति पर्यावरण और हमारे ग्रह का गहरा सम्मान करती है।

श्री मोदी ने कहा कि दुनिया में परिवर्तन के साथ हमारी संस्थाओं को भी बदलना होगा। श्री मोदी ने कहा कि दो शताब्दियों में महान अमरीकी और भारतीय शख्सियतों के जीवन ने दोनों देशों को प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि मार्टिन लूथर किंग जूनियर और महात्मा गांधी जैसे महान व्यक्तियों के जीवन से भारत और अमरीका दोनों ही प्रेरित हुए हैं जिससे दोनों देशों के बीच संबंध गहरे बने हैं।

इससे पहले, उन्होंने व्हाइट हाउस के ओवल कार्यालय में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ द्विपक्षीय वार्ता की और कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए। दोनों देशों के बीच भारत-अमेरिका साझेदारी को और गहरा करने के तरीकों पर भी चर्चा की गई ।

संबोधन के बाद प्रधानमंत्री राजकीय भोज के लिए व्हाइट हाउस पहुंचें। अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और पत्नी जिल बाइडेन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सम्मान में राजकीय रात्रि भोज का आयोजन किया। इस आयोजन के लिए दोनों को धन्यवाद देते हुए श्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के लोगों की उपस्थिति ने इस शाम को और विशेष बना दिया है।

अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बहुत अच्छा समय बिताया और आज का यह आयोजन भारत और अमरीका के बीच मैत्री के अटूट बंधन का जश्न मनाने का अवसर है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button