छत्तीसगढ़

महात्मा गांधी से बड़ा कोई हिंदू नहीं है : आचार्य प्रमोद कृष्णन

रायपुर। विश्व हिंदू परिषद की तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बीच रायपुर पहुंचे कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णन ने कहा कि हिंदुत्व भाजपा की बपौती नहीं है। हिन्दुत्व की जो परिभाषा भाजपा देना चाहती है, असल में वो हिन्दुत्व है ही नहीं। कांग्रेस हमेशा से हिंदुत्व के रास्ते पर थी। कांग्रेस महात्मा गांधी की अनुयायी है और उनकी हर सभा की शुरुआत रघुपति राघव राजाराम से होती थी। महात्मा गांधी से बड़ा कोई हिंदू नहीं है।

कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में आचार्य प्रमोद ने कहा कि भाजपा ने हिन्दुत्व और धर्म के नाम पर धंधा किया। लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया है और धर्म के नाम पर सत्ता हासिल करने का अभियान चलाया है। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को गाली देना, देश को तोड़ना और धर्म के नाम पर विभाजन करना हिंदुत्व नहीं है। आचार्य प्रमोद ने आरोप लगाया कि ईडी और सीबीआइ भाजपा का छिपा हुआ संगठन बन गया है। जिस तरह भाजपा के लिए आरएसएस और विहिप काम करते हैं, वैसे ही ईडी और सीबीआइ कर रहे हैं।

जनकल्याण के रास्ते पर चल रही सरकार

वहीं कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णन ने कहा कि छत्तीसगढ़ आने का मौका पहली बार मिला है। गांव की संस्कृति, भारत की संस्कृति मानी जाती है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सरकार जनभावनाओं के कल्याण के रास्ते चल रही है। यहां गोबर खरीदी की जा रही है। यहां के लोग बहुत प्यारे हैं। जिस तरह का माहौल देश में है, उससे छत्तीसगढ़ थोड़ा अलग है। छत्तीसगढ़ की सरकार और अधिक काम करें।

मध्यप्रदेश सरकार पर कसा तंज

आचार्य प्रमोद कृष्णन ने मध्यप्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि भारतीय लोकतंत्र में जिनको मामा कहा जाता है, अब उनका युग नहीं बचा है। मध्यप्रदेश में महाकाल की कृपा हमारे साथ है। शिवराज सरकार ने बाबा महाकाल को ठगने का काम किया। पौराणिक इतिहास में 3 मामाओं का जिक्र हैं। मामा मारीच ने सीता मैया के हरण में छल किया, मामा शकुनि के कारण महाभारत का युद्ध हुआ था, और कलयुग के मामा, जिन्हें लोकतंत्र में मामा कहते हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button