टॉप न्यूज़मध्यप्रदेश

प्रियंका गांधी, कमलनाथ के खिलाफ एफआईआर दर्ज

भोपाल (एजेंसी)। भोपाल और इंदौर समेत 41 जिलों में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व पीसीसी चीफ अरुण यादव और जयराम रमेश के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि इन नेताओं ने वायरल एक पत्र को सोशल मीडिया पर शेयर किया। जिसके आधार पर प्रदेश की बीजेपी सरकार पर 50% कमीशन वाली सरकार होने का आरोप लगाया है।

ज्ञानेन्द्र अवस्थी नाम के अज्ञात शख्स पर भी केस दर्ज किया गया है। दरअसल जो लेटर सोशल मीडिया में चल रहा है। वह ‘लघु एवं मध्यम क्षेत्रीय संविदाकार संघ’ नाम की कथित संस्था के लेटर हेड पर है। उसमें नीचे की ओर ज्ञानेन्द्र अवस्थी नाम लिखा है। ये लेटर हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ के मुख्य न्यायाधीश के नाम पर लिखा गया है।

भोपाल क्राइम ब्रांच और इंदौर के संयोगितागंज थाने में FIR दर्ज

बीजेपी नेताओं की शिकायत पर भोपाल की क्राइम ब्रांच और इंदौर के संयोगितागंज थाने में केस दर्ज किया गया है। इंदौर में बीजेपी विधि प्रकोष्ठ के नेता निमेश पाठक ने शिकायत की थी। इसमें प्रियंका पर ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से एक पत्र के जरिए भ्रामक ट्वीट करने का आरोप लगाया गया है। ये कहा गया कि कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी की छवि धूमिल करने का काम किया है। जिसके बाद रात 9:30 बजे संयोगितागंज थाने में (धारा 420, 469) FIR दर्ज की गई है।

भोपाल में भी शनिवार रात क्राइम ब्रांच में (धारा 469, 500, 501 के तहत) केस रजिस्टर्ड किया गया। डीसीपी क्राइम श्रुत्कीर्ति सोमवंशी ने इसकी पुष्टि की। इससे पहले शनिवार दोपहर में बीजेपी नेताओं ने क्राइम ब्रांच में कांग्रेस नेताओं की शिकायत की। मंत्री विश्वास सारंग ने कहा, ‘मप्र में चुनाव आते ही कांग्रेस रोज झूठ का सहारा ले रही है।’

बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया है कि षड्यंत्रपूर्वक किसी ठेकेदार एसोसिएशन के नाम से फर्जी पत्र सोशल मीडिया पर प्रचारित कर भाजपा की छवि धूमिल करने की कोशिश की गई है। आवेदन में प्रियंका गांधी, कमलनाथ, जयराम रमेश, अरुण यादव समेत अन्य कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई की मांग की गई थी।

ये है वो लेटर जो सोशल मीडिया पर चल रहा है। जिसे कांग्रेस नेताओं ने सोशल मीडिया में पोस्ट किया है

कथित ‘लघु एवं मध्यम क्षेत्रीय संविदाकार संघ’ संस्था के नाम से ये लेटर सोशल मीडिया पर चल रहा है। इसमें नीचे ज्ञानेन्द्र अवस्थी नाम लिखा है। ये लेटर हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ के मुख्य न्यायाधीश को लिखा बताया जा रहा है। पत्र में लिखा है कि 50 प्रतिशत कमीशन देने पर ही भुगतान मिलता है।

पत्र में कहा गया है कि सरकार में कोई सुनने वाला नहीं है। विभाग में दलाल इस कदर सक्रिय हैं कि 50 प्रतिशत कमीशन लेकर भुगतान करा रहे हैं। मूल ठेकेदार हमें निविदा में स्वीकृत राशि का मात्र 40 प्रतिशत हिस्सा देकर कार्य कराते हैं। कुल स्वीकृत राशि में से 50 प्रतिशत राशि कमीशन के तौर पर बंट जाती है। 10 प्र​तिशत मूल ठेकेदार रखते हैं। ऐसे में पेटी कॉन्ट्रैक्टर का जीवन नारकीय हो गया है।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट में ये लिखा था

प्रियंका गांधी ने शुक्रवार शाम ट्वीट किया। इसमें लिखा, ‘मध्यप्रदेश में ठेकेदारों के संघ ने हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर शिकायत की है कि प्रदेश में 50% कमीशन देने पर ही भुगतान मिलता है। कर्नाटक में भ्रष्ट BJP सरकार 40% कमीशन की वसूली करती थी। मध्यप्रदेश में BJP भ्रष्टाचार का अपना ही रिकॉर्ड तोड़कर आगे निकल गई है। कर्नाटक की जनता ने 40% कमीशन वाली सरकार को बाहर किया, अब मध्यप्रदेश की जनता 50% कमीशन वाली भाजपा सरकार को सत्ता से हटाएगी।’

वीडी शर्मा बोले- कांग्रेस ने फर्जी पत्र जारी कर झूठ बोला

BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भोपाल में शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, ‘कल कांग्रेस ने मध्यप्रदेश में एक व्यूह रचना के तहत बड़ा झूठ बोला। एक फर्जी पत्र जारी कर, एक तथाकथित किसी ठेकेदार और कोई एसोसिएशन के नाम से झूठा पत्र जारी किया।’

उन्होंने कहा, ‘मैं हमेशा से कहते आया हूं कि मध्यप्रदेश के अंदर मिस्टर बंटाधार दिग्विजय सिंह और मिस्टर करप्टनाथ कमलनाथ झूठ बोलने की मशीन हैं। कल तो इन्होंने झूठ बोलने का रिकॉर्ड बनाने का काम किया है। केंद्रीय नेतृत्व में चाहे प्रियंका गांधी हों, राहुल गांधी हों, इनसे झूठे पत्र के आधार पर ट्वीट कराया। यह कांग्रेस का वास्तविक चरित्र है।’

BJP प्रदेशाध्यक्ष ने कहा, ‘इस साइबर क्राइम के खिलाफ भाजपा कड़ा एक्शन लेगी। प्रियंका गांधी को जवाब देना पड़ेगा कि यह पत्र कहां से आया। झूठे पत्र के आधार पर आपने देश को गुमराह किया है। पहले आपके भाई से झूठ बुलवाकर दिग्विजय-कमलनाथ ने झूठा साबित कर दिया। अब आपको भी आज उन्होंने झूठा साबित कर दिया। कांग्रेस के नेतृत्व को जवाब देना पडे़गा। हम कानूनी कार्रवाई करेंगे।’

अरुण यादव बोले, FIR से डरने वाले नहीं

केस दर्ज होने के बाद प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता अंग्रेजों की फांसियों से नहीं डरे, तो इस तरह की FIR से क्या डरेंगे?

ग्वालियर क्राइम ब्रांच में कथित संस्था पर केस दर्ज

ग्वालियर क्राइम ब्रांच में इस मामले में अज्ञात संस्था संचालक ज्ञानेंद्र अवस्थी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बीजेपी नेता और वकील पंकज पालीवाल ने बताया कि सोशल मीडिया पर चल रहे लेटर में जिस ‘लघु एवं मध्यम क्षेत्रीय संविदाकार संघ’ पता- बसंत विहार, लश्कर ग्वालियर लिखा है। इस पते पर वे शनिवार को पुलिस के साथ गए थे। वहां ना तो इस नाम की कोई संस्था मिली और ना ही इस पते पर कोई मिला। इसके बाद पालीवाल ने क्राइम ब्रांच में शिकायत की।

कमलनाथ का जवाब- प्रदेश में बीजेपी का खुलासा हो रहा है

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा- आज बीजेपी को सब कुछ याद आने लगा, पर वो सोचते हैं कि जनता का ध्यान मोड़ लेंगे, जनता को गुमराह कर पाएंगे, तो जनता ने ये तय कर लिया है कि इस बार शिवराज सिंह जी को बड़े प्यार से विदा करेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button