
मुंबई (एजेंसी)। मशहूर गजल गायक पंकज उधास का निधन हो गया है। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। वे 72 साल के थे। मशहूर प्लेबैक सिंगर और संगीत निर्देशक विशाल ददलानी को भी पंकज उधास के निधन से बेहद ठेस पहुंची है। संगीतकार ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर दिवंगत गायक का एक फोटो साझा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। मशहूर संगीतकार और गायक अनूप जलोटा ने पोस्ट कर पंकज उधास को श्रद्धांजलि अर्पित की है। अनूप ने दिवंगत गजल गायक के साथ अपनी एक तस्वीर साझा की है। इस पोस्ट के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा है, ‘स्तब्ध करने वाला। संगीत जगत के दिग्गज और मेरे मित्र पंकज उधास का निधन। हम इस कठिन समय में उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं।’
पंकज उधास को उनके बेहतरीन काम के लिए साल 2006 में तत्कालीन राष्ट्रपति डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम के हाथों देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। सामने आ रही जानकारी के मुताबिक पंकज उधास का अंतिम संस्कार मंगलवार को होगा।
पंकज उधास की बेटी नायाब उधास ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पिता के निधन की दुखद खबर साझा करते हुए लिखा, ‘भारी दिल और बड़े दुख के साथ आप सभी को सूचित करना पड़ रहा है कि लंबी बीमारी के चलते 26 फरवरी 2024 को पद्मश्री पंकज उधास का निधन हो गया है’।
शंकर महादेवन ने जताया दुख
पंकज उधास के निधन पर लोकप्रिय गायक और म्यूजिक कंपोजर शंकर महादेवन भी सदमे में हैं। उन्होंने पंकज उधास के निधन को संगीत जगत का बड़ा नुकसान बताया है। उन्होंने कहा कि इसकी भरपाई नहीं हो सकती।
पंकज उधास के निधन से हर कोई दुखी है। गायक सोनू निगम ने पंकज उधास के निधन पर इमोशनल पोस्ट लिखा है। सोनू निगम ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर लिखा है, ‘मेरे बचपन का महत्वपूर्ण हिस्सा आज खो गया है। श्री पंकज उधास जी, आप हमेशा याद आएंगे। आप नहीं रहे, यह देखकर मेरा दिल भर आया है। ओम शांति’।
मशहूर गजल गायक पंकज उधास का निधन हो गया है। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। वे 72 साल के थे। उनका जन्म 17 मई 1951 को गुजरात के जेतपुर में हुआ था।