
मुंबई इंडियंस का कप्तान बनने के बाद पहली बार बोले हार्दिक पांड्या
मुंबई (एजेंसी)। आईपीएल का आगाज अब से कुछ ही दिन बाद होने वाला है। इसके साथ ही टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ियों में शुमार हार्दिक पांड्या भी मुंबई इंडियंस की कप्तानी के लिए तैयार हैं। ये वही टीम है, जहां से हार्दिक ने खेलकर टीम इंडिया तक का सफर तय किया। हालांकि बीच में दो साल के लिए वे गुजरात टाइटंस की कप्तानी कर चुके हैं, लेकिन अब फिर से वापसी एमआई में बतौर कप्तान हो रही है। मुंबई इंडियंस का कप्तान बनने के बाद हार्दिक पांड्या ने पहली बार सामने आकर बात की है।
स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए हार्दिक ने 2 साल बाद घर लौटकर काफी खुशी जाहिर की है। हार्दिक ने कहा कि वह अपने फैंस के प्यार और सपोर्ट के लिए बहुत आभारी हैं। पांड्या ने कहा कि मुंबई इंडियंस में वापस आना ऐसा लगता है, जैसे सब वहीं वापस आ गया है, जहां से शुरू हुआ था। बोले कि बड़ौदा में एक लड़के के रूप में उनका मुंबई तक का सफर काफी रोचक रहा। उनका कहना है कि इस शहर ने काफी कुछ सिखाया। इस शहर का प्यार और शिक्षाएं अमूल्य हैं। कहा कि मुंबई हमेशा आपको बेहतर बनने के लिए चुनौती देता है। अब आईपीएल के माध्यम से दो साल बाद अपने घर लौट आया हूं।
आपको याद होगा कि जब मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को हटाकर हार्दिक पांड्या को नया कप्तान बनाने का ऐलान किया था तो कुछ फैंस नाराज भी हो गए थे। सोशल मीडिया पर फैंस अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे थे। इस पर उन्होंने कहा कि हमें जीत की ओर प्रेरित करने के लिए मैं अपने फैंस से उसी तरह का समर्थन चाहता हूं। निश्चिंत रहें, मैं एक रोमांचक सीजन सुनिश्चित करूंगा, जिसका हर कोई आनंद उठाएगा। यह एक ऐसी यात्रा है जिसका हम सभी एक साथ आनंद लेंगे।