जशपुर को सौगात : कुनकुरी में बनेंगे सूर्य नमस्कार चौक और नया कम्युनिटी हॉल, ₹1.01 करोड़ स्वीकृत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किए गए वादों को पूरा करते हुए जशपुर जिले के कुनकुरी क्षेत्र में दो बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के लिए ₹1,01,64,000 की वित्तीय एवं प्रशासनिक मंजूरी जारी कर दी गई है। इस बजट से शहर में एक आधुनिक सूर्य नमस्कार चौक और एक सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा।
इन दोनों परियोजनाओं का ऐलान मुख्यमंत्री साय ने हाल ही में ग्राम कलिबा स्थित कलिबेश्वर महादेव मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के दौरान किया था। सरकार से अंतिम मंजूरी मिलते ही अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
परियोजनाओं का विवरण:
सूर्य नमस्कार चौक (लागत: ₹76.81 लाख): वार्ड नंबर 6 स्थित हनुमान टेकड़ी के समीप इस चौक का सौंदर्यीकरण और विकास किया जाएगा। इसका उद्देश्य कुनकुरी को एक नया लैंडमार्क और नागरिकों के लिए एक व्यवस्थित सार्वजनिक स्थान प्रदान करना है।
सामुदायिक भवन (लागत: ₹24.83 लाख): हनुमान टेकड़ी के पास ही इस नए कम्युनिटी हॉल का निर्माण होगा। इससे स्थानीय निवासियों को शादी-ब्याह, सामाजिक बैठकों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक उपयुक्त स्थान मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री के वादे के तुरंत पूरा होने पर कुनकुरी के निवासियों ने खुशी जताई है और सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन सुविधाओं से क्षेत्र के विकास को और मजबूती मिलेगी।
















