तकनीकी खराबी के कारण दिल्ली में अलायंस एयर विमान की आपात लैंडिंग, सभी 54 यात्री सुरक्षित

बिलासपुर। बिलासपुर से वाया प्रयागराज होते हुए नई दिल्ली जा रही अलायंस एयर की फ्लाइट (9I 698) को शुक्रवार दोपहर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। मेरठ के ऊपर उड़ान भरते समय विमान के बाएं इंजन में अचानक खराबी आ गई और ईंधन रिसाव (फ्यूल लीक) की आशंका के चलते इंजन बंद हो गया।
घटनाक्रम का ब्योरा
उड़ान का समय: विमान ने सुबह 10:45 बजे बिलासपुर से उड़ान भरी और 11:58 बजे प्रयागराज पहुंचा। इसके बाद दोपहर 12:33 बजे इसने दिल्ली के लिए प्रस्थान किया।
हवा में आई समस्या: मेरठ के निकट पहुंचते ही पायलट को एक इंजन में तकनीकी विफलता महसूस हुई। तुरंत दिल्ली एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचित कर आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी गई।
सुरक्षा व्यवस्था: सूचना मिलते ही आईजीआई एयरपोर्ट पर रेड अलर्ट जारी कर दिया गया। रनवे पर एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात कर दी गईं।
सुरक्षित लैंडिंग: दोपहर लगभग 2:15 बजे विमान को सुरक्षित लैंड करा लिया गया। जहाज में सवार सभी 54 यात्री और क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं।
उड़ान के दौरान यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए डर का माहौल जरूर बना रहा, लेकिन पायलट की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी खराबी के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
















