बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सैन्य काफिले पर घात लगाकर हमला, 7 जवानों की मौत का दावा

इस्लामाबाद (एजेंसी)। बलूच सशस्त्र संगठन ‘बलोच राजी आजोई संगर’ (ब्रास) ने पाकिस्तान के नुश्की जिले स्थित कचकई क्षेत्र में सेना के एक काफिले पर अचानक हमला करने की बात कही है। संगठन के बयान के मुताबिक, लेवीज स्टेशन के समीप पूर्व-नियोजित रणनीति के तहत इस हमले को अंजाम दिया गया।
ब्रास का दावा है कि इस कार्रवाई में पाकिस्तान सेना के 7 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 से अधिक सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके साथ ही संगठन ने हमले के दौरान सेना के एक क्वॉडकॉप्टर को गिराने का भी दावा किया है। बलूच समूह ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र से सेना की पूर्ण वापसी तक उनके इस तरह के सशस्त्र अभियान जारी रहेंगे।
हालांकि, इस घटना, इसमें हुए जान-माल के नुकसान या बलूच संगठन द्वारा किए गए दावों को लेकर पाकिस्तान सरकार अथवा वहां की सेना की तरफ से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या पुष्टि सामने नहीं आई है।
















