
हार्दिक पांड्या संग नाम जुड़ने पर भड़कीं अमीषा पटेल, वायरल वीडियो पर तंज कसते हुए दिया करारा जवाब
स्पोर्ट न्युज (एजेंसी)। भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पांड्या और बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल की एक हालिया मुलाकात इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोर रही है। मुंबई के ताज महल पैलेस में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दोनों को एक-दूसरे से बातचीत करते देखा गया। इस दौरान का एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें अमीषा हार्दिक को अपने करीबियों से मिलवाते समय उनके कंधे पर हाथ रखे नजर आ रही हैं।
इस वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया यूज़र्स ने दोनों के बीच अफेयर की अटकलें लगानी शुरू कर दीं। एक यूज़र ने इस क्लिप को शेयर करते हुए अमीषा के इस दोस्ताना अंदाज़ को रोमांटिक करार दिया और उनके रिश्ते में होने का दावा किया।
हालांकि, अमीषा पटेल ने इन अफ़वाहों को नज़रअंदाज करने के बजाय यूज़र को करारा जवाब देना बेहतर समझा। उन्होंने उस पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए तीखा तंज कसा और लिखा कि यूज़र की बात पूरी तरह सही है, कंधे पर हाथ रखना सचमुच बहुत “रोमांटिक” था। इसके साथ ही अभिनेत्री ने यूज़र की सोच पर सवाल उठाते हुए सलाह दी कि झूठी कहानियां गढ़ने से बेहतर होगा कि वह पहले खुद कोई महिला मित्र बनाए। अमीषा के इस व्यंग्यात्मक जवाब ने साफ कर दिया कि यह केवल एक साधारण दोस्ताना मुलाकात थी, जिसे बेवजह गलत रंग दिया गया।
गौर करने वाली बात है कि नताशा स्टेनकोविच से अलग होने के बाद हार्दिक पांड्या का नाम पहले भी मॉडल माहिका शर्मा के साथ जुड़ चुका है। ऐसे में अमीषा के साथ इस नए वीडियो ने अफवाहों के बाजार को गर्म कर दिया था, जिस पर अब अभिनेत्री ने विराम लगा दिया है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो ‘कहो ना प्यार है’ और ‘गदर’ जैसी सुपरहिट फिल्मों से पहचान बनाने वालीं अमीषा पटेल हाल ही में ‘गदर 2’ में सकीना के रूप में नज़र आई थीं। फिलहाल, फिल्मों से इतर क्रिकेटर के साथ उनका यह विवाद ही चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है।















