मनोरंजन

टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला : होटल बंद मिलने से पुलिस लौटी बैरंग, साजिश में दो महिलाओं की भूमिका पर भी खुलासा

मुंबई (एजेंसी)। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। पुलिस अब आरोपियों के साथ क्राइम सीन को रीक्रिएट करने की तैयारी में जुटी है, वहीं इस हाई-प्रोफाइल मामले से जुड़े कई नए और चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं।

अंधेरी के होटल में रची गई थी साजिश

जांच के मुताबिक, आरोपी फूल सिंह, रिहान और ऋतिक ने वारदात से पहले 14 अक्टूबर से 18 अक्टूबर के बीच अंधेरी ईस्ट स्थित ‘आरआर रेजिडेंसी’ होटल के कमरा नंबर 201 में डेरा डाला था। आरोप है कि इन्होंने फर्जी पहचान पत्रों का इस्तेमाल करके यह कमरा बुक किया था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इसी कमरे में हथियारों को छुपाकर रखा गया था और यहीं पर आरोपियों ने टाइगर श्रॉफ पर हमले की पूरी साजिश को अंतिम रूप दिया था।

क्राइम ब्रांच की टीम जब सोमवार सुबह इस होटल का निरीक्षण करने पहुँची, तो कमरा अंदर से बंद मिला और होटल प्रबंधन द्वारा कोई सहयोग न मिलने के कारण पुलिस टीम को फिलहाल बैरंग लौटना पड़ा। इससे पहले फॉरेंसिक टीम ने इस कमरे से अहम साक्ष्य जुटाए थे, जहाँ कथित तौर पर एक मिसफायर होने के निशान भी मिले थे।

जंगल में अभ्यास और हथियारों की तलाश

सामने आया है कि 17 अक्टूबर को हथियार मिलने के बाद आरोपियों ने मुंबई के आसपास किसी सुनसान जंगल में ले जाकर फायरिंग का अभ्यास भी किया था। इस प्रैक्टिस के दौरान उनके साथ एक अन्य व्यक्ति के भी शामिल होने का शक है, जो ट्रेनर की भूमिका में था। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों को बरामद करने के लिए तापी नदी और उसके आसपास के इलाकों की भी तलाश करवा रही है।

बबीता और राधा का एंगल आया सामने

इस पूरे षड्यंत्र में हरियाणा और उत्तर प्रदेश से जुड़ी दो महिलाओं—बबीता और राधा—की संलिप्तता का भी पता चला है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ये दोनों महिलाएं 17 अक्टूबर को दादर इलाके में हथियार पहुंचाने आई थीं। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि बबीता ने अपने परिवार को मुंबई के प्रसिद्ध मंदिरों में दर्शन करने जाने की बात कही थी, जिसके तहत उन्होंने प्रभादेवी स्थित सिद्धिविनायक मंदिर के आसपास भी समय बिताया। जांच एजेंसियों का मानना है कि मंदिर जाने का यह नाटक पुलिस की नजरों से बचने और अपनी पहचान छिपाने के लिए रचा गया था।

फिलहाल, पुलिस इस मामले में शामिल सभी कड़ियों को जोड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button