मुख्यमंत्री साय ने मदकूद्वीप में स्वर्गीय शांताराम को दी श्रद्धांजलि, स्मृति उद्यान का किया उद्घाटन

मुंगेली। मुंगेली जिले के ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक स्थल मदकूद्वीप (पथरिया विकासखंड) में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समाजसेवी स्वर्गीय शांताराम के वार्षिक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय शांताराम की स्मृति में बनाए गए एक विशेष उद्यान का लोकार्पण भी किया।
सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण में अतुलनीय योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि मदकूद्वीप के पुरातात्विक और सांस्कृतिक वैभव को पहचान दिलाने में स्वर्गीय शांताराम का जीवन समर्पित रहा। यह नया उद्यान आने वाली पीढ़ियों को उनके सेवाभाव और सामाजिक प्रतिबद्धता की याद दिलाएगा। उन्होंने बताया कि शांताराम जी का योगदान केवल मदकूद्वीप तक सीमित नहीं था; उन्होंने बैतलपुर में शिव मंदिर निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और नवागढ़ के शमी गणेश मंदिर के जीर्णोद्धार में भी प्रमुख भूमिका निभाई थी।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कल्पवृक्ष का पौधा रोपा। उन्होंने लोगों से केवल पौधे लगाने ही नहीं, बल्कि उन्हें पेड़ बनने तक उनकी देखभाल करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि प्रकृति और संस्कृति दोनों की रक्षा करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
वरिष्ठ जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल व लखनलाल देवांगन, तथा विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला व पुन्नूलाल मोहले समेत कई गणमान्य नागरिक और अधिकारी उपस्थित थे।
















