हेल्थ

गंभीर लक्षणों में न आएं घरेलू नुस्खों के झांसे, तुरंत लें डॉक्टर की सलाह

हेल्थ न्युज (एजेंसी)। अक्सर सर्दी, जुकाम, पेट में गैस या हल्की-फुल्की समस्याओं के लिए लोग रसोई के नुस्खे जैसे हल्दी, अदरक, काढ़ा या नमक के पानी का सहारा लेते हैं। मामूली तकलीफों में इनसे कुछ देर आराम भले मिल जाए, लेकिन हर स्वास्थ्य समस्या को घर पर ही ठीक करने की कोशिश नुकसानदेह साबित हो सकती है। किसी भी बीमारी के लक्षणों को पहचानना और वे कितने वक्त से हैं, यह समझना बेहद जरूरी है। यदि कोई समस्या लगातार बढ़ रही हो या बार-बार लौट रही हो, तो घरेलू तरीकों के बजाय डॉक्टरी जांच कराना ही सही रास्ता है।

ये लक्षण दिखें तो तुरंत अस्पताल पहुंचे:

सांस लेने में दिक्कत: अचानक सांस फूलने या सांस लेने में परेशानी होने पर भाप या काढ़े के भरोसे न बैठें। यह किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है, जिसमें फौरन इलाज की जरूरत होती है।

सीने में दर्द व बेहोशी: सीने में तेज दर्द, चक्कर आना, अचानक बेहोश होना या मिर्गी जैसी स्थिति में देरी करना जानलेवा हो सकता है। होंठों या त्वचा का रंग बदलना भी गंभीर आपातकाल की ओर इशारा करता है।

अचानक या लगातार ब्लीडिंग: उल्टी या मल के साथ खून आना एक बड़ा चेतावनी संकेत है। यदि ब्लीडिंग के साथ कमजोरी, चक्कर या पेट में तेज दर्द हो, तो बिना समय गंवाए विशेषज्ञ से मिलें।

तेज या लंबा बुखार: सामान्य बुखार में आराम और तरल पदार्थ काम आ सकते हैं, लेकिन अगर बुखार कई दिनों तक न उतरे या बहुत तेज हो, तो तुरंत जांच कराएं।

घरेलू उपाय केवल प्राथमिक या मामूली राहत के लिए होते हैं, वे डॉक्टर के इलाज का विकल्प नहीं हैं। लक्षण गंभीर हों या सेहत तेजी से गिर रही हो, तो समय रहते चिकित्सीय परामर्श लेना ही सबसे सुरक्षित कदम है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button