छत्तीसगढ़
रायगढ़ के सिहा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने की चौपाल, सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं और मांगे

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के सिहा ग्राम पंचायत में वित्त मंत्री और स्थानीय विधायक ओपी चौधरी ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं और मांगों को सुना। इस दौरान गांव के लोगों ने क्षेत्र में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं एवं विकास कार्यों से जुड़े कई अहम मुद्दे मंत्री के समक्ष रखे।
वित्त मंत्री ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द उचित कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और विकास को हर व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री चौधरी ने यह भी रेखांकित किया कि जनता से सीधा संवाद स्थापित करने से स्थानीय आवश्यकताओं की सटीक जानकारी मिलती है, जिससे क्षेत्र के विकास कार्यों को और अधिक गति दी जा सकती है।
















