छत्तीसगढ़

दिव्यांगता और गरीबी को हराकर डॉक्टर बनने जा रही हैं सरगुजा की बेटी पूजा, सीएम साय ने बढ़ाया मदद का हाथ

रायपुर। दृढ़ इच्छाशक्ति और कठिन परिश्रम के आगे अभाव और शारीरिक सीमाएं भी घुटने टेक देती हैं। इस बात को सरगुजा जिले के एक बेहद साधारण और गरीब परिवार की आदिवासी बेटी कुमारी पूजा सिंह ने सच कर दिखाया है। 66 प्रतिशत दिव्यांगता और आर्थिक तंगी का सामना करते हुए पूजा ने नीट-2026 की परीक्षा में सफलता हासिल कर जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में अपनी सीट पक्की की है।

पूजा के इस संघर्ष और काबिलियत को देखते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सहायता के निर्देश दिए, जिसके तहत सरगुजा के कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) फंड से उनकी ट्यूशन फीस के लिए 2 लाख 50 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की है। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि किसी भी मेधावी छात्र की पढ़ाई पैसों की कमी के कारण न रुके।

मजदूर मां के त्याग और बेटी की लगन का नतीजा

सीतापुर विकासखंड के राधापुर गांव की रहने वाली पूजा की पारिवारिक स्थिति काफी चुनौतीपूर्ण रही है। उनके पिता अपनी दूसरी पत्नी के साथ अलग रहते हैं, जिसके बाद पूजा के पालन-पोषण और शिक्षा का पूरा भार उनकी मां पर आ गया। पूजा की मां के पास अपनी जमीन नहीं है; वे दूसरों के खेतों में मजदूरी करके घर का खर्च चलाती हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कभी बेटी के हौसले को टूटने नहीं दिया।

बिना महंगी कोचिंग के घर पर की 4 साल तैयारी

पूजा ने अपनी शुरुआती और 12वीं तक की पढ़ाई शासकीय स्कूलों से पूरी की। वर्ष 2022 में 12वीं पास करने के बाद, आर्थिक तंगी की वजह से वे किसी बड़े शहर जाकर कोचिंग नहीं ले सकती थीं। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और 2022 से 2026 तक लगातार चार साल घर पर रहकर ही खुद नीट की तैयारी की।

मेहनत रंग लाई, पूरे जिले का नाम किया रोशन

चार वर्षों के कड़े संघर्ष के बाद नीट 2026 में पूजा ने सफलता प्राप्त की और जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में एडमिशन लिया। एक दिहाड़ी मजदूर की दिव्यांग बेटी का मेडिकल कॉलेज तक पहुँचना पूरे सरगुजा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

मां के समर्पण, पूजा की लगन और सरकार के समय पर मिले वित्तीय सहयोग से अब पूजा का डॉक्टर बनने का सपना साकार होने जा रहा है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए एक मिसाल है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button