छत्तीसगढ़

पीएम जनमन आवास में धोखाधड़ी: कवर्धा के बोड़ला में पूर्व सरपंच पति शेख निजामुद्दीन पर FIR दर्ज, ₹2.40 लाख ठगी का आरोप

बोड़ला। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को मिलने वाले पक्के मकानों की राशि में हेरफेरी करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया गया है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की सख्त चेतावनी के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। बोड़ला विकासखंड के ग्राम दुलदुला (पंचायत बेंदा) में आवास निर्माण के नाम पर ठगी करने वाले ठेकेदार शेख निजामुद्दीन उर्फ निक्की खान (पूर्व सरपंच पति) के विरुद्ध चिल्फी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित हितग्राही राजीम धुर्वे, उनके भाई सोनेलाल धुर्वे और पड़ोसी छिरवैया धुर्वे को पीएम जनमन आवास योजना की स्वीकृति मिली थी।

एडवांस और किस्तों की वसूली: पहली किस्त (₹40,000) मिलने पर पूर्व सरपंच पति शेख निजामुद्दीन ने मकान बनाने का ठेका लिया। बाद में दूसरी किस्त के रूप में ₹60,000 नकद भी ले लिए।

अधूरा काम और पैसे हड़पने का आरोप: तीनों हितग्राहियों से ₹80-80 हजार रुपये (कुल ₹2,40,000) ऐंठने के बावजूद आवास निर्माण का काम पूरा नहीं किया गया। जब लाभार्थियों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने देने से मना कर दिया।

इसके बाद पीड़ितों की शिकायत पर चिल्फी थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 318 (4) के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।

अब तक 3 ठेकेदारों पर केस, ₹7.49 लाख की ठगी उजागर

प्रशासन की इस कार्रवाई से आवास निर्माण में फर्जीवाड़ा करने वाले ठेकेदारों में हड़कंप मच गया है। क्षेत्र में हितग्राहियों से छल करने के आरोप में अब तक कुल तीन ठेकेदारों पर FIR दर्ज की जा चुकी है:

शेख निजामुद्दीन (ग्राम दुलदुला): थाना चिल्फी में ₹2.40 लाख की ठगी का मामला।

तुमेश गोड़ (ग्राम आमानारा): बैसाखू बैगा की शिकायत पर तरेगांव जंगल थाने में FIR.

कुमार मेरावी (ग्राम राजाढ़ार): देवसिंह की शिकायत पर चिल्फी थाने में दर्ज मामला।

इन तीनों मामलों को मिलाकर ठेकेदारों पर कुल ₹7,49,000 हड़पने का आरोप दर्ज किया गया है। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि गरीबों के हक की राशि में सेंध लगाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button