सीड बॉल से हरियाली और आजीविका : सारंगढ़ के छुहीपाली पहुंचे राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा

सारंगढ़-बिलाईगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के छुहीपाली स्थित पठारी क्षेत्र में पर्यावरण संवर्धन और रोजगार सृजन की नई मिसाल पेश की जा रही है। वनीकरण की आधुनिक और सुलभ तकनीक ‘सीड बॉल’ के माध्यम से जिले में हरियाली बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इसमें मिट्टी, खाद और बीज के मिश्रण से बनी छोटी गोलियों को बंजर या दुर्गम पहाड़ी इलाकों में फैलाया जाता है, जो बारिश का पानी पाते ही अंकुरित होकर पौधों में बदल जाती हैं।
इस अभियान को मजबूती देते हुए राज्य के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने ग्राम छुहीपाली के पहाड़ी इलाके में स्वयं उपस्थित होकर 5,000 सीड बॉल रोपे। इसके साथ ही उन्होंने नए निर्मित डबरी के किनारों पर 30 पौधों का भी रोपण किया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ‘वीबीजीरामजी’ योजना तथा ‘बिहान’ समूह की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि भू-जल स्तर को बनाए रखना और पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने बताया कि पठारी ढलान पर सीड बॉल रोपण के साथ-साथ स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच (SCT) का निर्माण जल व मृदा संरक्षण के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाएगा। इससे बारिश के दौरान ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं।
दौरे के दौरान राजस्व मंत्री ने ग्रामीणों और महिलाओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने ‘महतारी वंदन योजना’ की किस्तों के नियमित भुगतान को लेकर चर्चा की, जिस पर महिलाओं ने संतोष व्यक्त किया। मंत्री वर्मा ने वहां मौजूद बच्चों से भी बातचीत कर उनकी पढ़ाई और क्षेत्र की शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
जल संकट से निपटने के लिए छुहीपाली की 2 हेक्टेयर पहाड़ी ढलान पर 5.60 लाख रुपये की लागत से स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच तैयार किए जा रहे हैं। अब तक बने 2,400 ट्रेंच बारिश के तेज बहाव को रोककर भू-जल स्तर को बढ़ाएंगे और मिट्टी के क्षरण पर लगाम लगाएंगे। इसके अलावा, पहाड़ी क्षेत्र के पानी को संचित करने के लिए एक नए तालाब का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक तथा बिहान समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।
















