जशपुर जिले को मिली 51.48 करोड़ की आवासीय सौगात, कुनकुरी और बालाछापर में बनेंगे 225 आधुनिक व किफायती मकान

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में सुव्यवस्थित शहरी अधोसंरचना के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल और आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के निर्देशों के तहत छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल जशपुर जिले में 51.48 करोड़ रुपये की लागत से दो आधुनिक आवासीय कॉलोनियों का निर्माण करने जा रहा है।
अटल विहार योजना के अंतर्गत आकार ले रही इन परियोजनाओं से जिले के मध्यम, निम्न और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (EWS & LIG) के परिवारों को सर्वसुविधायुक्त एवं किफायती आशियाना मिल सकेगा।
- कुनकुरी (गिनाबहार) परियोजना:
लागत: ₹17.15 करोड़
क्षेत्रफल: लगभग 7 एकड़ (NH-43 से 2 किमी दूर)
कुल आवास: 97 (जिसमें 91 मकान EWS एवं LIG श्रेणी के लिए सुरक्षित हैं)
विशेषता: राज्य सरकार ने इस जमीन को मात्र ₹1 प्रति वर्गफुट की सांकेतिक दर पर मंडल को उपलब्ध कराया है, ताकि आम जनता को कम कीमत पर मकान मिल सकें।
- जशपुर नगर (बालाछापर) परियोजना:
लागत: ₹34.32 करोड़
क्षेत्रफल: लगभग 7 एकड़ (रायगढ़ रोड NH-43 से मात्र 200 मीटर की दूरी पर)
कुल आवास: 128 (HIG: 11 | MIG: 20 | Jr. MIG: 4 | LIG: 55 | EWS: 38)
सुविधाएं: यह कॉलोनी पूरी तरह से सुरक्षित कवर्ड कैंपस होगी। इसमें पार्क, बॉक्स क्रिकेट ग्राउंड, बच्चों के खेलने का स्थान, सामुदायिक भवन, बस स्टॉप और दुकानें जैसी नागरिक सुविधाएं मौजूद रहेंगी।
आर्थिक सहायता एवं बुकिंग विवरण:
अटल विहार योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के आर्थिक बोझ को कम करने के लिए सरकार द्वारा सहायता राशि दी जा रही है:
EWS श्रेणी: ₹80,000 की छूट/अनुदान
LIG श्रेणी: ₹40,000 की छूट/अनुदान
मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव और कार्यपालन अभियंता श्री प्रफुल्ल चौरे ने बताया कि इस योजना से केवल मकान नहीं दिए जा रहे, बल्कि चौड़ी सड़कें, ग्रीन बेल्ट और बेहतर ड्रेनेज सिस्टम के साथ एक गुणवत्तापूर्ण जीवनशैली प्रदान की जा रही है।
इसके साथ ही, पत्थलगांव (मदनपुर) की आवासीय योजना के लिए बुकिंग प्रक्रिया 6 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है, जिसके प्रथम चरण में आवेदन की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर 2026 रखी गई है। आने वाले समय में महुआटोली और कडोरा क्षेत्रों में भी ऐसी ही नई आवासीय परियोजनाओं को शुरू करने की तैयारी है।
















