देश-विदेश

राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘खेलो इंडिया संवाद’ : देशभर के युवाओं और एथलीटों को संबोधित करेंगे पीएम मोदी

नई दिल्ली (एजेंसी)। 27 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर “खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात, प्रधानमंत्री के साथ” नामक एक बड़े राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष पहल के तहत देश भर में 1,500 से अधिक स्थानों पर युवाओं, खिलाड़ियों और प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों को एक मंच पर लाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के युवाओं और खेल प्रेमियों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे।

इस आयोजन में आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी और एम्स जैसे देश के शीर्ष तकनीकी व मेडिकल संस्थानों की भागीदारी रहेगी। संवाद का मुख्य उद्देश्य युवाओं और नीति-निर्माताओं के बीच एक सीधा माध्यम स्थापित करना है, ताकि युवा अपने विचार और सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचा सकें।

यह संवाद मुख्य रूप से चार प्रमुख विषयों पर केंद्रित होगा:

खेल इकोसिस्टम को मजबूती: जमीनी स्तर तक बेहतर खेल सुविधाएं, प्रशिक्षण और अवसर प्रदान करना।

लक्ष्य 2036 ओलंपिक: प्रतिभाओं की वैज्ञानिक पहचान कर उन्हें भविष्य के ओलंपिक के लिए तैयार करना।

युवा नेतृत्व एवं प्रशासन: शासन प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना।

विकसित भारत के लिए सशक्तिकरण: कौशल विकास, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण में युवाओं का योगदान सुनिश्चित करना।

कार्यक्रम की शुरुआत ‘माई भारत’ के स्वयंसेवकों के स्वागत भाषण से होगी, जिसके बाद बीते 12 वर्षों में भारतीय खेलों में आए बदलावों पर एक विशेष वीडियो दिखाई जाएगी।

पीएम मोदी के संबोधन के पश्चात देश भर के विभिन्न केंद्रों पर संवाद सत्र शुरू होंगे। इन सत्रों में साइना नेहवाल, मैरी कॉम, गगन नारंग, पी.आर. श्रीजेश, दीपा कर्मकार, मनिका बत्रा, बाइचुंग भूटिया, पुलेला गोपीचंद, कर्णम मल्लेश्वरी, मीराबाई चानू और पी.टी. उषा जैसी खेल जगत की दिग्गज हस्तियां युवाओं के साथ अपने अनुभव, संघर्ष और सफलता की कहानियां साझा करेंगी। साथ ही, कई सांसद, मंत्री और जनप्रतिनिधि भी इन चर्चाओं में भाग लेंगे।

युवाओं को दीर्घकालिक रूप से जोड़ने के लिए इस दौरान ‘विकसित भारत युवा लीडर संवाद’ क्विज का आयोजन किया जाएगा और प्रतिभागियों को ‘माई भारत’ पोर्टल से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button