छत्तीसगढ़ में गन्ना किसानों को बड़ी राहत : अब 425 रुपए प्रति क्विंटल की दर से होगी खरीदी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के गन्ना उत्पादकों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए शक्कर कारखानों में गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 425 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया है।
हाल ही में, भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से सौजन्य मुलाकात की थी। इस दौरान किसानों की आय, कृषि लागत और उनकी समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने तुरंत यह कदम उठाया है।
इस निर्णय की मुख्य बातें:
बढ़ी हुई दरें: पेराई सत्र 2025-26 के दौरान खरीदी जाने वाले गन्ने का भुगतान अब संशोधित हुई बढ़ी हुई दर (425 रुपए प्रति क्विंटल) के आधार पर किया जाएगा।
किसानों का सशक्तिकरण: मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य अन्नदाता को समृद्ध बनाना और खेती को एक लाभकारी पेशा स्थापित करना है।
किसानों का आभार: इस घोषणा के बाद भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे किसानों के लिए एक सराहनीय कदम बताया।
















