प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर सीएम साय ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’, दी दीर्घायु की शुभकामनाएं

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के खास मौके पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने शासकीय निवास पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, लंबी उम्र और सफल जीवन की कामना की। सीएम साय ने देश के विकास और जन-जन के कल्याण के लिए पीएम मोदी के समर्पण और निष्ठा को याद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को पूरी तरह से देश और नागरिकों की सेवा में लगाया है। गरीबों के उत्थान, सुशासन, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण और भारतीय संस्कृति के संरक्षण की दिशा में उनके काम हर नागरिक को प्रेरित करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि इस अवसर पर पूरे छत्तीसगढ़ और देश में सेवा भावना देखने को मिल रही है। यह ‘आशीर्वाद का दीया’ राज्य के लोगों के प्रधानमंत्री के प्रति अटूट विश्वास, आत्मीयता और प्रेम को दर्शाता है।
सीएम साय ने दोहराया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ‘विकसित भारत’ के सपने को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति—गांवों, गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और जनजातीय समुदाय—तक पहुंचाकर एक समृद्ध छत्तीसगढ़ का निर्माण करना है।
















