छत्तीसगढ़

खेल जीवन में भरते हैं ऊर्जा और जगाते हैं आत्मविश्वास : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

रायपुर। चांपा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्याभारती मध्यक्षेत्र क्षेत्रीय कबड्डी खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का समापन समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया। समारोह के दौरान विजयी टीम के खिलाड़ियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। इस अवसर पर सांसद कमलेश जांगड़े भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि निरोगी शरीर ही स्वस्थ मस्तिष्क की नींव होता है। इसके लिए हर युवा और विद्यार्थी को दिनचर्या में खेल को जरूर शामिल करना चाहिए। खेल मैदान की मेहनत शरीर को चुस्त-दुरुस्त रखने के साथ जीवन में उत्साह भर देती है। उन्होंने कहा कि खेल हार-जीत से परे सीखने का सबसे बेहतरीन माध्यम है, जो व्यक्ति को अनुशासित और आत्मविश्वासी बनाता है।

असफलता पर बात करते हुए उन्होंने बच्चों का उदाहरण दिया कि जैसे कोई छोटा बच्चा गिर-गिरकर ही चलना सीखता है, ठीक उसी तरह जीवन की असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर दोगुने संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों की भी सराहना की।

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि सांसद कमलेश जांगड़े ने सरस्वती शिशु मंदिर के शैक्षणिक और नैतिक माहौल की सराहना करते हुए कहा कि यहाँ मिलने वाले संस्कार विद्यार्थियों को समाज में एक बेहतर इंसान बनाते हैं।

इस समापन समारोह में पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, चांपा पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, जांजगीर-नैला पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विद्यालय परिवार के शिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी व विद्यार्थी उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button