मध्यप्रदेश को स्कॉच अवार्ड : पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की सराहनीय पहल

भोपाल (एजेंसी)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग को प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड मिलने पर बधाई दी है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के प्रयास की सराहना करते हुए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
वक्फ बोर्ड के डिजिटलीकरण की सफलता
मध्यप्रदेश राज्य वक्फ़ बोर्ड के चेयरमैन श्री सनवर पटेल और विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मुलाकात कर उन्हें इस उपलब्धि की जानकारी दी।
विभाग के प्रमुख सचिव, डॉ. ई रमेश कुमार ने बताया कि यह प्रतिष्ठित सिल्वर स्कॉच अवार्ड मध्यप्रदेश राज्य वक्फ़ बोर्ड को उसकी संपत्तियों के दस्तावेज़ों के समुचित डिजिटलीकरण (Proper Digitization) और WAMSI-MP वेब पोर्टल के माध्यम से बोर्ड के कार्यों को व्यवस्थित और सुचारू बनाने में किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला है।
राष्ट्रीय स्तर पर सराहना
मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के इस डिजिटल कार्य की केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय समेत पूरे देश में प्रशंसा की गई है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए विभाग के आयुक्त श्री सौरभ कुमार सुमन ने यह अवार्ड ग्रहण किया।
मुख्यमंत्री और राज्यमंत्री द्वारा शुभकामनाएँ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभाग की इस सफलता पर खुशी जाहिर की और भविष्य में भी इसी तरह के उत्कृष्ट कार्य जारी रखने की कामना की। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने भी विभाग के कार्यों की तारीफ की।
इस अवसर पर अपर सचिव श्री अनुराग चौधरी, केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के उप सचिव श्री समीर सिन्हा, श्री विशाल विश्वकर्मा, मप्र राज्य वक्फ बोर्ड की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. फरजाना गजाल, और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
















