रायपुर से दिल्ली के लिए दो नई उड़ानें शुरू, प्रयागराज का हवाई संपर्क टूटा

रायपुर। विमानन कंपनियों के नए शेड्यूल के लागू होने के साथ ही स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर से दिल्ली के लिए हवाई यात्रियों को दो नई उड़ानों की सुविधा मिलेगी। हालांकि, रायपुर को प्रयागराज से जोड़ने वाली एकमात्र सीधी उड़ान को इंडिगो एयरलाइन ने अब हटा दिया है।
प्रयागराज की उड़ान सेवा बंद
इंडिगो ने रायपुर और प्रयागराज के बीच पहली उड़ान सेवा 28 जून 2019 को शुरू की थी, जिसे 29 अक्टूबर 2023 को अचानक बंद कर दिया गया था। इसके बाद, 16 अगस्त 2024 को यह सेवा फिर से शुरू की गई थी। कंपनी ने अपने नए उड़ान शेड्यूल में इस फ्लाइट को शामिल नहीं किया है।
शनिवार को रायपुर से प्रयागराज के लिए इस रूट की आखिरी उड़ान का संचालन हुआ। इंडिगो की यह 72 सीटर एटीआर विमान वाली फ्लाइट रोज़ाना सुबह 9:05 बजे रायपुर से उड़ान भरकर 10:25 बजे प्रयागराज पहुँचती थी, और वापसी में 10:50 बजे प्रयागराज से चलकर 12:20 बजे रायपुर पहुँचती थी। सूत्रों के अनुसार, यह फ्लाइट लगभग 80 प्रतिशत बुकिंग के साथ संचालित हो रही थी।
दिल्ली के लिए एयर इंडिया की तीसरी उड़ान
दूसरी ओर, छत्तीसगढ़ के हवाई यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है: एयर इंडिया ने दिल्ली-रायपुर-दिल्ली सेक्टर में 26 अक्टूबर से एक नई उड़ान शुरू की है। इस नई सेवा के साथ, दिल्ली के लिए एयर इंडिया की रोजाना तीन उड़ानें उपलब्ध होंगी। वर्तमान में एयर इंडिया की दो उड़ानें सुबह और शाम को संचालित हो रही हैं।
प्रस्तावित शेड्यूल के अनुसार:
एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या 2635 दिल्ली से दोपहर 12:10 बजे उड़ान भरेगी और दोपहर 2:05 बजे रायपुर पहुँचेगी।
वापसी में, फ्लाइट संख्या 2636 दोपहर 2:35 बजे रायपुर से रवाना होकर शाम 4:45 बजे दिल्ली पहुँचेगी।
इंडिगो की भी एक नई उड़ान
26 अक्टूबर से दिल्ली-रायपुर-दिल्ली सेक्टर में रोजाना कुल आठ उड़ानों का विकल्प यात्रियों के लिए उपलब्ध होगा। एयर इंडिया के अलावा, इंडिगो भी इसी दिन से दिल्ली-रायपुर-दिल्ली सेक्टर में एक नई फ्लाइट का संचालन शुरू कर रही है। वर्तमान में इंडिगो की 4 उड़ानें संचालित होती हैं। नई उड़ान के शुरू होने से इस सेक्टर में इंडिगो की कुल 5 उड़ानें हो जाएंगी।
इंडिगो की नई उड़ान का समय:
उड़ान संख्या 6ई2120 दिल्ली से सुबह 10:15 बजे चलकर दोपहर 12:15 बजे रायपुर पहुँचेगी।
वापसी में, उड़ान संख्या 6ई6640 रायपुर से दोपहर 12:45 बजे उड़ान भरकर दोपहर 2:45 बजे दिल्ली पहुँचेगी।
















