देश-विदेश

वायु प्रदूषण का बढ़ता कहर : 10 वर्षों में लाखों जिंदगियां लीं, छोटे शहर बने नए हॉटस्पॉट

नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में बिगड़ती हवा की गुणवत्ता अब केवल पर्यावरण की चिंता नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य के लिए एक गंभीर आपातकाल बन चुकी है। स्वीडन स्थित कारोलिंस्का इंस्टीट्यूट द्वारा किए गए एक गहन अध्ययन में यह सामने आया है कि वर्ष 2009 से 2019 के दौरान भारत में वायु प्रदूषण के कारण 38 लाख लोगों की अकाल मृत्यु हुई।

शोध के अनुसार, मौतों का मुख्य कारण सूक्ष्म कणों (PM 2.5) का स्तर राष्ट्रीय सुरक्षित सीमा (40 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर) से कहीं अधिक होना था। यदि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के सख्त मानक (5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर) के आधार पर आकलन करें, तो यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 1.66 करोड़ तक पहुंच जाता है, जो उस दशक की कुल मौतों का लगभग एक-चौथाई हिस्सा है।

अदृश्य कण, जानलेवा असर

PM 2.5 कण मानव बाल की मोटाई (70 माइक्रोन) और लाल रक्त कोशिकाओं (6 माइक्रोन) की तुलना में अत्यंत सूक्ष्म (2.5 माइक्रोन या उससे कम) होते हैं। इतने छोटे होने के कारण सांस लेते समय ये सीधे फेफड़ों की गहराई तक पहुंच जाते हैं और रक्त प्रवाह में शामिल होकर पूरे शरीर को प्रभावित करते हैं। अध्ययन के अनुसार, PM 2.5 के स्तर में प्रति 10 माइक्रोग्राम की वृद्धि होने पर मृत्यु दर में 8.6 प्रतिशत का इजाफा दर्ज किया गया। यह जोखिम देश के 655 जिलों में देखा गया।

बड़े शहरों से छोटे कस्बों की ओर फैलता संकट

वायु प्रदूषण अब केवल दिल्ली-एनसीआर जैसे महानगरों तक सीमित नहीं रहा। असम-मेघालय सीमा पर बसा औद्योगिक शहर बर्नीहाट देश के सबसे प्रदूषित स्थानों में शीर्ष पर आ गया है, जहां वार्षिक PM 2.5 का औसतन स्तर 133.4 माइक्रोग्राम दर्ज किया गया—जो राष्ट्रीय मानक से तीन गुना अधिक है और दिल्ली (104.9) से भी खराब है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और अन्य वैज्ञानिक रिपोर्टों के अनुसार, गुरुग्राम, फरीदाबाद, ग्रेटर नोएडा, मुजफ्फरनगर और श्रीगंगानगर जैसे शहर भी अत्यधिक वायु प्रदूषण की चपेट में हैं। तेजी से हो रहे शहरीकरण और औद्योगिक गतिविधियों के कारण छोटे शहर प्रदूषण के नए केंद्र बनते जा रहे हैं।

तटीय व दक्षिणी महानगरों की हवा भी हुई जहरीली

सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE) की 2024-25 की रिपोर्ट के मुताबिक, सर्दियों के दौरान दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई—सभी प्रमुख महानगरों में हवा की गुणवत्ता गिरी है। यद्यपि समुद्री हवा के कारण मुंबई और चेन्नई जैसे शहरों में प्राकृतिक वेंटिलेशन बेहतर रहता है, फिर भी वहां औसतन PM 2.5 का स्तर बढ़ता हुआ पाया गया।

इसके अतिरिक्त, ‘रेस्पिरर लिविंग साइंसेज’ के चार वर्षीय अध्ययन से पता चला है कि 11 प्रमुख शहरों में PM 10 का स्तर भी लगातार सुरक्षित सीमा से ऊपर बना हुआ है। दिल्ली के आनंद विहार और पटना के समनपुरा जैसे क्षेत्रों में स्थिति अत्यंत गंभीर दर्ज की गई।

दीर्घकालिक समाधान की तत्काल आवश्यकता

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यह संकट किसी विशेष मौसम का नहीं, बल्कि वर्षभर बना रहने वाला जोखिम है, जिससे हृदय और सांस से जुड़ी गंभीर बीमारियां बढ़ रही हैं। वाहनों के धुएं, औद्योगिक उत्सर्जन और निर्माण कार्य जैसे स्थायी स्रोतों पर कड़ा नियंत्रण किए बिना इस पर काबू पाना संभव नहीं है। यदि समय रहते समन्वित और कठोर कदम नहीं उठाए गए, तो यह स्थिति और भयावह हो सकती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button