मध्यप्रदेश
उज्जैन में कुष्ठ आश्रम पहुंचे सीएम मोहन यादव : मरीजों को बांटे पटाखे और मिठाइयां, मंदिर जीर्णोद्धार का किया ऐलान

भोपाल (एजेंसी)। दीपावली के पावन पर्व पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन स्थित हामूखेड़ी कुष्ठधाम का दौरा किया और आश्रम के वासियों के साथ त्योहार का आनंद साझा किया।
उत्सव की खुशियां बांटते हुए मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद कुष्ठ रोगियों को मिठाइयां, पटाखे और उपहार भेंट किए। उन्होंने सभी के अच्छे स्वास्थ्य और जीवन में समृद्धि की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हामूखेड़ी के प्राचीन हनुमान मंदिर का कायाकल्प (जीर्णोद्धार) कराने की महत्वपूर्ण घोषणा भी की।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, उज्जैन विकास प्राधिकरण के पदाधिकारी और संभाग व जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
















