
लखनऊ (एजेंसी)। लखनऊ सुपर जायंट्स ने पंजाब किंग्स को 21 रनों से हरा दिया है। आईपीएल 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स की ये पहली जीत है। लखनऊ की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए पंजाब किंग्स को 200 रनों का टारगेट दिया, जिसके जवाब में पंजाब किंग्स की टीम सिर्फ 178 रन ही बना सकी। पंजाब किंग्स के लिए शिखर धवन ने बेहतरीन पारी खेली। लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला पाए।
लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत बहुत ही खराब रही थी। जब केएल राहुल सिर्फ 15 रन बनाकर आउट हो गए। फिर देवदत्त पड्डीक्कल भी 9 रन बना पाए। मार्कस स्टोइनिस ने 19 रनों का योगदान दिया। लेकिन क्विंटन डि कॉक ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने निकोलस पूरन के साथ मिलकर टीम को बड़े टारगेट तक पहुंचाया। डि कॉक ने 54 रन बनाए। निकोलस पूरन ने तूफानी बल्लेबाजी की। उन्होंने 42 रन बनाए। अंत में क्रुणाल पांड्या ने 43 रन बनाए। इन प्लेयर्स की वजह से ही लखनऊ की टीम बड़ा स्कोर बना पाई। पंजाब किंग्स के लिए सबसे ज्यादा तीन विकेट सैम करन ने अपने नाम किए हैं। उन्होंने तीन विकेट चटकाए हैं। अर्शदीप सिंह ने दो विकेट और कैगिसो रबाडा ने एक विकेट हासिल किया है।
















